खुशियों की बारात में गूंजी गोलियों की आवाज, नृत्य कलाकार की हत्या से मातम में बदली महफिल

देवरिया जनपद के तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी नृत्य कलाकार सोनू गौड़ (32) की बिहार के गोपालगंज जिले में एक बारात समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 June 2026, 3:46 PM IST

Deoria: देवरिया जनपद के तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी नृत्य कलाकार सोनू गौड़ (32) की बिहार के गोपालगंज जिले में एक बारात समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

क्या है पूरी खबर?

जानकारी के अनुसार, सोनू गौड़ पुत्र उमेश गौड़ पिछले लगभग दस वर्षों से बघौचघाट थाना क्षेत्र के मलसी चौराहा स्थित न्यू यादव सरगम डांस एवं ड्रामा पार्टी में नृत्य कलाकार के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार रात वह बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवाँ गांव में आयोजित एक बारात में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने गए थे।

फरमाइशी गाने को लेकर कुछ युवकों से विवाद

बताया जा रहा है कि देर रात मंच पर कार्यक्रम के दौरान फरमाइशी गाने को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ युवक सोनू को स्टेज के पीछे ले गए और उनके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक युवक ने उनके पेट में गोली मार दी।

Prayagraj News: दिन-दहाड़े हो रहे अपराधों से हड़कंप, पुलिस का बड़ा एक्शन

मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट

गोली लगते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल सोनू को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सोनू दो भाइयों में बड़े थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। अपने पीछे वह पत्नी, दो नाबालिग पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

Kasganj News: ततारपुर बांध के पास नहर में डूबे दो किशोर, एक को बचाने में दूसरे ने भी गंवाई जान

खुशियों के बीच हुई इस दर्दनाक वारदात

कटेया थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बारात की खुशियों के बीच हुई इस दर्दनाक वारदात ने एक बार फिर आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Deoria

Published :  19 June 2026, 3:46 PM IST