Census 2027: जनगणना ड्यूटी से बच रहे 19 कार्मिकों पर प्रशासन सख्त, कोतवाली को लिखा पत्र

देवरिया में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की ड्यूटी से इनकार करने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के 19 कार्मिकों पर विभागीय और वैधानिक कार्रवाई होगी। अपर जिलाधिकारी पंकज प्रकाश राठौर ने जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका प्रशासन ने भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सदर कोतवाली में पत्र लिखा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 7:19 PM IST

Deoria News: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के कार्यों में लापरवाही और असहयोग को लेकर देवरिया जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत 19 कार्मिकों द्वारा जनगणना का ड्यूटी पत्र प्राप्त करने और सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने से इनकार किए जाने पर उनके खिलाफ विभागीय, अनुशासनात्मक और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर ने संबंधित विभाग को कार्रवाई करते हुए उसकी विस्तृत आख्या तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है। वहीं, नगर पालिका प्रशासन ने भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सदर कोतवाली में पत्र लिखा है।

ड्यूटी पत्र लेने से इनकार कर रहे 19 कार्मिक

जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी पंकज प्रकाश राठौर ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के कार्यों के लिए बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत कार्मिकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हालांकि, विभाग से जुड़े 19 कार्मिकों द्वारा ड्यूटी पत्र प्राप्त करने और निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करने से इनकार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि संबंधित कार्मिकों के इस असहयोगात्मक रवैये के कारण जनगणना कार्यों के सुचारू और समयबद्ध संपादन में बाधा उत्पन्न हो रही है। जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।

Symbolic Photo (IMG: Pinterest)

जनगणना अधिनियम की धारा 11 के तहत होगी कार्रवाई

अपर जिलाधिकारी पंकज प्रकाश राठौर ने बताया कि जनगणना कार्यों में असहयोग करने वाले संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई करने को भी कहा गया है। संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है कि इन कार्मिकों के खिलाफ की गई कार्रवाई का विस्तृत विवरण तत्काल उपलब्ध कराया जाए।

प्रशासन की ओर से यह कदम जनगणना कार्यों के निर्धारित समय के भीतर सुचारू रूप से संपादन में आ रही बाधाओं को देखते हुए उठाया गया है।

नगर पालिका प्रशासन ने सदर कोतवाली को लिखा पत्र

देवरिया नगर पालिका क्षेत्र में जनगणना कार्यों में आनाकानी करने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के इन 19 कार्मिकों के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद देवरिया की ओर से संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने के लिए सदर कोतवाली में पत्र लिखा गया है।

फिलहाल संबंधित कार्मिकों के खिलाफ विभागीय, अनुशासनात्मक और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित विभाग से कार्रवाई की विस्तृत आख्या भी मांगी है।

Location :  Deoria

Published :  24 November 2026, 7:19 PM IST