
पूर्व मंत्री धर्मपाल यादव (Img: Dynamite News)
Budaun: पूर्व मंत्री धर्मपाल यादव ने 6 अगस्त को डीएम बदायूं को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पत्र में उन्होंने कहा कि वह पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री और चार बार विधायक रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें सरकार की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं और नियमों की पूरी जानकारी है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनकी सुरक्षा को देखते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएं।
डी.पी. यादव ने अपने पत्र में लिखा है कि उनका परिवार पहले भी राजनीतिक दुश्मनी का शिकार हो चुका है। उनके बड़े भाई और बहनोई कमलराज की हत्या हो चुकी है। उनका दावा है कि ये घटनाएं राजनीतिक रंजिश के कारण हुई थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उन्हें और उनकी पत्नी, पूर्व विधायक उमलेश यादव, दोनों को सुरक्षा की आवश्यकता है।
पूर्व मंत्री धर्मपाल यादव (Img: Dynamite News)
पूर्व मंत्री ने बताया कि उनके और उनकी पत्नी के लाइसेंसी हथियारों से संबंधित आवश्यक नवीनीकरण की प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी है। इसी कारण वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बदायूं को भी अलग से प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
यह भी पढ़ें: Badaun: तेज रफ्तार बाइक ने कांवड़िया को मारी टक्कर, हादसे के बाद उठे ये बड़े सवाल
डी.पी. यादव ने जिला प्रशासन के सामने दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, उन्हें तत्काल प्रभाव से कुछ महीनों के लिए दो सरकारी गनर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे बिना किसी डर के अपने राजनीतिक और सामाजिक दायित्व निभा सकें। दूसरी, उनके आवेदन को जिला प्रशासन की संस्तुति के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के गृह विभाग को भेजा जाए, जिससे भविष्य में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ें: Badaun News: घर से निकली थीं रिश्तेदारी जाने, रास्ते में हुआ ऐसा हादसा कि मच गया कोहराम
पूर्व मंत्री ने अपने पत्र में यह भी अनुरोध किया है कि उनकी मांग पर की गई कार्रवाई की जानकारी उन्हें दी जाए। बदायूं की राजनीति में डी.पी. यादव का लंबा राजनीतिक अनुभव और प्रभाव रहा है। ऐसे में उनकी सुरक्षा की मांग चर्चा का विषय बनी हुई है। अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या फैसला लेता है और सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।
Location : Budaun
Published : 14 August 2026, 4:36 PM IST
Topics : Budaun UP Police Uttar Pradesh News