फतेहपुर के लालीपुर गांव में पूर्ति विभाग की छापेमारी में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का खुलासा हुआ। 24 सिलेंडर बरामद कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के दौरान यह मामला द्रवित पेट्रोलियम गैस विनियमन एवं वितरण आदेश 2 हजार का उल्लंघन पाया गया।

24 सिलेंडर बरामद
Fatehpur: अवैध गैस कारोबार का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक साधारण घर के अंदर सिलेंडरों का पूरा जाल बिछा मिला। मुखबिर की सटीक सूचना पर पहुंची टीम ने जब दरवाजा खटखटाया, तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और खरीद-फरोख्त का खुलासा होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि छोटे स्तर पर भी गैस माफिया का नेटवर्क सक्रिय है।
फतेहपुर जिले के भिटौरा विकास खंड के लालीपुर गांव में पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर एक घर से कुल 24 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें 6 सिलेंडर भरे हुए थे, जबकि 18 खाली पाए गए। हैरानी की बात यह रही कि सभी सिलेंडरों की सील पहले से ही खुली हुई थी, जो साफ तौर पर अवैध गतिविधियों की ओर इशारा करती है।
पूर्ति विभाग के निरीक्षकों को पहले से ही इस अवैध कारोबार की भनक लग चुकी थी। सूचना मिलते ही टीम ने गांव निवासी मोनू पुत्र छेदीलाल के घर पर छापेमारी की। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि यहां गैस सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। हालांकि, आरोपी किसी भी तरह का वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
जांच के दौरान यह मामला द्रवित पेट्रोलियम गैस विनियमन एवं वितरण आदेश 2 हजार का उल्लंघन पाया गया। यह अपराध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत दंडनीय है। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया और उन्हें शास्त्री इंडेन गैस सर्विस को सुपुर्द कर दिया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ हुसैनगंज थाना में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।