”कोई पत्थर से ना मारे मेरे दीवाने को” बोलकर आशिक के सामने खड़ी हुई प्रेमिका, फिर घरवालों ने दोनों पर किया अत्याचार

मेरठ के रोहटा में छह साल से प्रेम संबंध में रह रहे युवक-युवती की मुलाकात पर परिवार वालों ने साइबर कैफे में हंगामा कर दिया। मारपीट और तोड़फोड़ के बाद दोनों भाग गए, लेकिन पुलिस ने युवती को दो घंटे में बरामद कर लिया...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 4 October 2026, 5:13 PM IST

Meerut: मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हो गया। छह साल से प्रेम संबंध में रह रहे युवक-युवती की मुलाकात की खबर युवती के परिवार वालों को लगी तो वे साइबर कैफे पहुंच गए। आरोप है कि यहां युवक की पिटाई शुरू कर दी गई। प्रेमी को बचाने के लिए युवती बीच में आ गई तो परिवार वालों ने दोनों के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, साइबर कैफे में भी तोड़फोड़ की गई। किसी तरह दोनों वहां से निकलकर भाग गए। बाद में युवती के परिवार ने थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने करीब दो घंटे में युवती को बरामद कर लिया।

पढ़ाई के दौरान शुरू हुआ था प्रेम, छह साल से चल रहा रिश्ता

रोहटा थाना क्षेत्र के पूठखास गांव निवासी तुषार कुमार घर के बाहर ही साइबर कैफे चलाते हैं। आजमपुर गांव की रहने वाली युवती पढ़ाई के दौरान अक्सर साइबर कैफे पर आती थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और करीब छह साल पहले यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं, लेकिन उनके परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं। युवती के परिजनों को जब दोनों के संबंधों की जानकारी हुई तो उन्होंने युवती के प्रेमी से मिलने पर रोक लगा दी थी।

चुपके से प्रेमी के कैफे पहुंची युवती

शनिवार दोपहर युवती परिवार वालों से छिपकर तुषार के साइबर कैफे पर पहुंच गई। दोनों के मिलने की जानकारी युवती के भाई को हो गई। इसके बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ साइबर कैफे पहुंच गया। वहां तुषार के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि प्रेमी को पिटता देख युवती खुद उसके बचाव में खड़ी हो गई। इसके बाद मामला और बिगड़ गया। युवती के स्वजन ने दोनों के साथ मारपीट की और साइबर कैफे में भी तोड़फोड़ कर दी।

मौका मिलते ही दोनों वहां से भाग निकले

हंगामे के बीच तुषार और युवती किसी तरह वहां से निकलकर भाग गए। इसके बाद युवती के परिवार वालों ने रोहटा थाने पहुंचकर उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, करीब दो घंटे के भीतर युवती को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने उसकी सुरक्षा में उसे अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

सोमवार को कोर्ट में दर्ज होंगे युवती के बयान

सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि युवती बालिग है। अब सोमवार को उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस की आगे की कार्रवाई युवती के बयानों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी। फिलहाल पुलिस साइबर कैफे में हुई मारपीट और तोड़फोड़ के मामले की भी जांच कर रही है।

Location :  Meerut

Published :  4 October 2026, 5:02 PM IST