Codeine Cough Syrup Smuggling: 9 करोड़ की नशीली सिरप का खेल! पुलिस के हत्थे चढ़ा गिरोह का सरगना, 12 कारोबारी रडार पर

जांच में सामने आया है कि करीब 20 लाख रुपये की कोडीनयुक्त कफ सिरप की खेप हमीरपुर स्थित ओम मेडिकल एजेंसी के नाम से मंगाई गई थी। पुलिस के अनुसार यह एजेंसी गिरफ्तार सरगना के बहनोई की बताई जा रही है। आरोपी फरवरी महीने से कोडीनयुक्त कफ सिरप के कारोबार में सक्रिय था।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 8 September 2026, 9:33 AM IST
google-preferred

बांदा: कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 30 हजार शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप पकड़े जाने और करीब नौ करोड़ रुपये की नशीली सिरप की खेप खपाने का आरोप है। पुलिस ने सर्विलांस लोकेशन की मदद से करीब 80 घंटे की तलाश के बाद आरोपी को आगरा के मुंबई अपार्टमेंट गणेश धाम होटल से दबोचा।

12 बड़े कारोबारियों के नाम आए सामने

पूछताछ में गिरफ्तार सरगना ने अपने नेटवर्क से जुड़े 12 बड़े कारोबारियों के नाम पुलिस को बताए हैं। जांच एजेंसियां अब इन लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह दिल्ली से कोडीनयुक्त कफ सिरप लाकर उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था।

बहनोई की मेडिकल एजेंसी से जुड़ा कनेक्शन

जांच में सामने आया है कि करीब 20 लाख रुपये की कोडीनयुक्त कफ सिरप की खेप हमीरपुर स्थित ओम मेडिकल एजेंसी के नाम से मंगाई गई थी। पुलिस के अनुसार यह एजेंसी गिरफ्तार सरगना के बहनोई की बताई जा रही है। आरोपी फरवरी महीने से कोडीनयुक्त कफ सिरप के कारोबार में सक्रिय था।

STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुआ खुलासा

बीते गुरुवार को एसटीएफ और बांदा पुलिस की संयुक्त टीम ने पुनाहुर गांव के पास से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से करीब तीन करोड़ रुपये कीमत की कोडीनयुक्त कफ सिरप, एक मिनी ट्रक, नेक्सॉन कार, 53 हजार रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।

पूछताछ में आरोपियों ने गिरोह के मुख्य संचालक प्रियांशु उर्फ किशन का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।

कोर्ट ने भेजा जेल

सोमवार को आरोपी को बांदा लाया गया। विशेष न्यायाधीश आवश्यक वस्तु अधिनियम की अदालत ने आरोपी को 16 सितंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के साथ होटल में एक अन्य युवक भी मिला था, लेकिन नशे के कारोबार से कोई संबंध नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया।

कई दुकानों पर पुलिस की छापेमारी

एसपी पलाश बंसल ने बताया कि मामले में सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने रात में ही कई मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।

Location :  Banda

Published :  8 September 2026, 9:33 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement