
प्रतीकात्मक फोटो
Fatehpur: फतेहपुर जिले के छिवलहा क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। सड़क किनारे खड़े 10 साल के मासूम को तेज रफ्तार बाइक सवार ने ऐसी टक्कर मारी कि वह कई फीट तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर हालत में बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जिंदगी की जंग वह हार गया। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सड़क किनारे खड़ा था बच्चा, पीछे से मारी टक्कर
घटना छिवलहा चौकी क्षेत्र और थाना हथगाम अंतर्गत गोसाईं की सराय मजरे गौसपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक गांव निवासी दीपक सविता का 10 वर्षीय बेटा विहान नए प्लॉट के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा बाइक के साथ काफी दूर तक घसीटता चला गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। बच्चे को लहूलुहान हालत में उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल फतेहपुर ले जाया गया।
कानपुर रेफर, लेकिन नहीं बच सकी जान
डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कानपुर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान मासूम विहान ने दम तोड़ दिया। जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक सवार बेहद तेज गति में था जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
गेम खेलते-खेलते फंस गए लोग, ऑनलाइन ठगी गैंग का पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई। साथ ही हादसे को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब बाइक सवार की तलाश में जुटी है।
Location : Fatehpur
Published : 7 May 2026, 8:50 PM IST
Topics : Bike Accident fatehpur news Road Accident UP News