हिंदी
आरक्षित वन भूमि खाली कराने पहुंची वन विभाग (फोटो: X)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली के नौगढ़ तहसील स्थित मझगाई रेंज में सोमवार दोपहर वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम आरक्षित वन भूमि को खाली कराने पहुंची थी। टीम के साथ JCB मशीन और ट्रैक्टर भी मौजूद थे, जिनकी मदद से ट्रेंच खोदकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की तैयारी थी।
कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सैकड़ों महिला और पुरुषों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान SDM विनय मिश्रा को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना था कि वे कई वर्षों से इस जमीन पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं और अब उन्हें जबरन हटाने की कोशिश की जा रही है।
यहां भी पढ़ें: Chandauli: आखिर NH-19 पर कैसे फेल हुआ कंट्रोल? बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत
विरोध के दौरान कई महिलाएं बुलडोजर और JCB मशीनों के सामने खड़ी हो गईं। महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई रोकने की मांग की। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और हंगामा चलता रहा।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले इस जमीन को किसी निजी व्यक्ति की बताई गई थी, लेकिन अब प्रशासन इसे वन विभाग की जमीन बताकर कब्जा लेने पहुंच गया है। कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता और कई लोगों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया। हालांकि प्रशासन की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने चकिया सर्किल और बबुरी थाना क्षेत्र से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया। अतिरिक्त फोर्स पहुंचने के बाद हालात पर काबू पाया गया।
यहां भी पढ़ें: Chandauli: अचानक आई एक चीख और थम गईं सांसें… आखिर क्यों रात के सन्नाटे में ढहाया जा रहा था प्राचीन काली मंदिर?
SDM विनय मिश्रा ने कहा कि सरकारी और आरक्षित वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जहां विरोध की स्थिति बनेगी, वहां प्रशासन रणनीति बनाकर आगे की कार्रवाई करेगा। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Location : Chandauli
Published : 15 July 2026, 3:03 PM IST
Topics : Chandauli News Forest Land Encroachment Naugarh Forest Land Dispute SDM Vinay Mishra Uttar Pradesh News