Bulandshahr Accident: मंदिर में दर्शन करने जा रहा था परिवार, रास्ते में पेड़ से टकराई कार; मासूम समेत 5 की मौत

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मंदिर के दर्शन के लिए निकले एक परिवार के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे सफर को मातम में बदल दिया। कासगंज से बेलोन माता के दर्शन करने जा रही ईको कार पेड़ से टकरा गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 October 2026, 3:31 PM IST

Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे सफर को मातम में बदल दिया। कासगंज से बेलोन माता के दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार की ईको कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कार में कुल आठ लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए।

नरौरा क्षेत्र में हुआ हादसा

यह दुर्घटना बुलंदशहर जिले की डिबाई तहसील के नरौरा थाना क्षेत्र में रतनपुर के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, परिवार कासगंज जिले के सिढ़पुरा से बेलोन गांव स्थित सर्वमंगला माता मंदिर में दर्शन करने जा रहा था। इसी दौरान ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के समय कार की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

एक साल की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत

हादसे में एक साल की मासूम बच्ची, एक महिला और तीन पुरुषों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों की उम्र और पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक का माहौल बन गया।

घायलों को अस्पताल से हायर सेंटर भेजा गया

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना की जानकारी परिजनों तक पहुंचा दी गई है। परिवार के रिश्तेदार कासगंज से बुलंदशहर के लिए रवाना हो गए हैं।

हादसे के कारणों की जांच

फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। तेज रफ्तार हादसे की एक संभावित वजह बताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Location :  Kasganj

Published :  16 October 2026, 3:28 PM IST