हाथरस में दिवार तोड़कर 1.60 लाख की भैंस खूंटे से खोल ले गए चोर

हाथरस के नौहरे से एक मामला सामने आया है , इसमेंं चोरों ने दिवार तोड़ कर भैंस चुराई और पीछे उसका बछड़ा छोड़ दिया । इस मामले के बाद लोगों में डर का माहौैल बन गया है। आइए जानते है इसके पीछे की पूरी खबर।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 November 2026, 2:14 PM IST

Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सासनी कोतवाली क्षेत्र में पशु चोरी का मामला सामने आया है। इगलास रोड पर टायर फैक्ट्री के पास खेत में बने एक नौहरे से अज्ञात चोर मंगलवार देर रात करीब 1 लाख 60 हजार रुपये की भैंस चोरी कर ले गए। चोर जाते समय भैंस के बच्चे को वहीं छोड़ गए। बुधवार सुबह जब पशुपालक पशुओं को चारा डालने पहुंचा तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

70 साल से इसी जगह बांधे जा रहे थे पशु

जानकारी के मुताबिक, नगला गढ़ूं गांव के रहने वाले मोहित पाठक के पशु इगलास रोड स्थित खेत में बने नौहरे में बंधते हैं। मोहित ने बताया कि उनके परिवार के पशु करीब 70 साल से इसी जगह पर रखे जा रहे हैं। मंगलवार शाम को भी उन्होंने रोज की तरह पशुओं को चारा और पानी दिया और फिर घर चले गए।

दीवार काटकर अंदर घुसे चोर

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात चोरों ने नौहरे की दीवार काटकर अंदर रास्ता बनाया। इसके बाद वहां बंधी भैंस को खोलकर अपने साथ ले गए। बुधवार सुबह मोहित जब पशुओं को चारा डालने पहुंचे तो दीवार कटी हुई देखकर हैरान रह गए। उन्होंने देखा कि भैंस गायब है और उसका छोटा बच्चा वहीं बंधा हुआ है। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी भैंस का कोई पता नहीं चला।

दिवार तोड़ कर अंदर घुसे चोर( img: Dynamite news)

पुलिस ने की तलाश, दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित के अनुसार, चोरी हुई भैंस की कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये है। घटना की जानकारी डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में भैंस की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मोहित ने सासनी कोतवाली पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दी।

पशु चोरी की घटना से लोगों में चिंता

इस घटना के बाद इलाके के पशुपालकों में डर और चिंता का माहौल है। लोगों को आशंका है कि क्षेत्र में पशु चोर सक्रिय हो सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने पर चोरों का पता लगाने में मदद मिल सकती है

Location :  Hathras

Published :  11 November 2026, 2:14 PM IST