
बदायूं हादसा(Source: Dynamite News)
Budaun : बदायूं जनपद के थाना उसावां क्षेत्र के गांव सुनेसर में बुधवार शाम मौसम के बदले मिजाज ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। अचानक आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक अधेड़ महिला की जान चली गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ईश्वरा देवी (45 वर्ष), पत्नी नेक राम, शाम के समय अपने घर के आंगन में टीन शेड के नीचे बैठी थीं।
तभी अचानक आए तूफान के कारण पहले टीन शेड उखड़ा और फिर उसके सहारे खड़ी पक्की दीवार महिला के ऊपर गिर गई। हादसे के वक्त पास में ही एक बच्चा भी खेल रहा था, जो बाल-बाल बच गया।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर दौड़े परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबे को हटाकर महिला को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल ईश्वरा देवी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Budaun
Published : 1 May 2026, 5:25 AM IST