
डीजे के सामने अचानक नाचते-गाते हुआ हादसा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र स्थित गौरामई गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे बजाए जाने के समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन (एचटी) लाइन का करंट सीधे डीजे में उतर गया। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डीजे के आसपास डांस कर रहे सात बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी। आनन-फानन में घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
वायरल फुटेज में डीजे की तेज धुन, भारी भीड़ और अचानक करंट फैलने के बाद मची भगदड़ साफ देखी जा सकती है। वीडियो में कई लोग जमीन पर घायल अवस्था में पड़े नजर आ रहे हैं। मारे गए युवक और अन्य लोगों के कपड़ों और माहौल से यह स्पष्ट होता है कि यह एक कांवड़ियों का जत्था था। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने तीखे सवाल खड़े किए हैं कि इतनी भारी भीड़ और डीजे के इस्तेमाल की अनुमति आखिर किसने दी थी।
घटना के बाद कादरचौक थाना पुलिस का एक अलग ही बयान सामने आया है, जिसमें पुलिस का दावा है कि मृतक युवक कांवड़िया नहीं था और इस दुर्घटना का कांवड़ यात्रा से कोई दूर-दूर तक संबंध नहीं है। पुलिस इसे एक सामान्य गांव का कार्यक्रम बता रही है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रहे भगवा वस्त्र और कांवड़ से जुड़े नारे पुलिस के इन दावों के बिल्कुल विपरीत कहानी बयां कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की इस बयानबाजी के चलते ग्रामीणों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी आक्रोश है तथा पुलिस पर मामले को दबाने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और सीओ ने तुरंत मौके का दौरा कर हालातों का जायजा लिया। इस दौरान घायल बच्चों के परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही, बिजली विभाग की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर एचटी लाइन और डीजे की ऊंचाई की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पूरी समीक्षा के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, यह भी खंगाला जा रहा है कि डीजे संचालक के खिलाफ लापरवाही के किन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल छाया हुआ है।
Location : Budaun
Published : 10 August 2026, 12:11 PM IST