हिंदी
पांच के डूबेने से मचा हड़कंप
Budaun: जिले के उसहैत थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। खजुरा नगला पुख्ता गांव के पांच मासूम बच्चे गंगा नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे लापता हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को गांव के केशव (11), पिंटू (9), सिंकू (13), अखिलेश (8) और विकास (11) खेलते-खेलते अटेना गंगा घाट के पास नदी किनारे पहुंच गए। गर्मी से राहत पाने के लिए सभी बच्चे गंगा में नहाने उतर गए। इसी दौरान पिंटू का पैर फिसल गया और वह गहरे गड्ढे में चला गया। उसे बचाने के लिए उसका भाई केशव और साथी सिंकू आगे बढ़े, लेकिन तेज बहाव के कारण वे भी गहराई में फंस गए। तीनों को डूबता देख विकास और अखिलेश भी उन्हें बचाने कूद पड़े। जिससे सभी बच्चे पानी में डूबने लगे।
चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्चों को बचाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने सिंकू और विकास को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जबकि अखिलेश को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। केशव और पिंटू गहरे पानी में लापता हो गए, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
बदायूं में पासपोर्ट ऑफिस पर मंडराया खतरा! धमकी ने उड़ा दिए होश, किसने भेजा वो खौफनाक ई-मेल?
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। डीएम और एसएसपी ने एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए। पिछले चार दिनों से लगातार तलाश जारी है, लेकिन लापता बच्चों का कोई पता नहीं चल सका है।
Location : budaun
Published : 15 April 2026, 6:41 PM IST