
इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद घायल, अस्पताल में भर्ती (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: अपनी सगी बहन और मासूम भांजे की बेरहमी से गोली मारकर हत्या करने वाले 25,000 रुपये के इनामी कातिल वीर सिंह के दुस्साहस का अंत आखिरकार पुलिस की सटीक घेराबंदी और जवाबी फायरिंग के साथ हुआ। बीते 7 दिनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे इस दुदांत आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि पुलिस का एक जांबाज सिपाही भी घायल हुआ है। दोनों को इलाज के लिए आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूरा मामला बदायूं के कादर चौक थाना क्षेत्र का है। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी वीर सिंह पुलिस की पकड़ से दूर था, जिस पर पुलिस प्रशासन ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने भूड़ा भदरोल मार्ग पर आरोपी की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख शातिर आरोपी वीर सिंह ने सरेंडर करने की बजाय पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी में एक पुलिस कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें-Budaun News: खेत में काम करते-करते किसान के साथ हुआ ऐसा हादसा, अस्पताल पहुंचते ही सामने आई दर्दनाक सच्चाई
आरोपी की तरफ से हुई दुस्साहसिक फायरिंग का जवाब देते हुए पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की नियंत्रित फायरिंग में आरोपी वीर सिंह के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से हत्याकांड में इस्तेमाल किया गया तमंचा और भारी मात्रा में जिंदा व इस्तेमाल किए गए कारतूस बरामद हुए हैं।
यह भी पढ़ें-गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से लखनऊ तक सीधी रोडवेज बस सेवा की उठी मांग, हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत
घटना की जानकारी मिलते ही बदायूं की एसएसपी अंकिता शर्मा भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जिला अस्पताल जाकर घायल सिपाही और आरोपी के स्वास्थ्य का हाल जाना तथा डॉक्टरों को दोनों के बेहतर इलाज के कड़े निर्देश दिए।
"आरोपी वीर सिंह पिछले 7 दिनों से बहन संतोषी और भांजे आकाश की हत्या के मामले में फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी की, जिस पर उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और हमारा एक सिपाही भी घायल हुआ है। आरोपी के पास से आला-कत्ल बरामद कर लिया गया है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"
Location : Budaun
Published : 22 July 2026, 1:08 PM IST