बदायूं पुलिस का बड़ा एक्शन, बिसौली में दिनदहाड़े हुई चोरी का 36 घंटे में खुलासा

बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र की खाटू श्याम कॉलोनी में 9 जून को दिनदहाड़े हुई चोरी का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया है। एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने शातिर चोर रवि सिंह उर्फ सिद्धू को गिरफ्तार कर उसके पास से 1,90,400 रुपये की शत-प्रतिशत नगदी और जेवर बरामद कर लिए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 June 2026, 6:39 PM IST

Budaun : बदायूं के थाना बिसौली क्षेत्र की खाटू श्याम कॉलोनी में 9 जून को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 36 घंटे में सफल अनावरण कर दिया है। एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।

ताला तोड़कर उड़ाए थे नगदी-जेवर

घटना 09.06.2026 दोपहर की है। खाटू श्याम कॉलोनी निवासी विपिन शर्मा पुत्र राजेन्द्र शर्मा अपनी पत्नी के साथ दोपहर 12 बजे घर में ताला लगाकर वजीरगंज गए थे। करीब 3 बजे लौटे तो मेन गेट का ताला टूटा मिला और कमरे की अलमारी का लॉकर भी तोड़ दिया गया था। अज्ञात चोर नगदी और सफेद धातु के जेवर लेकर फरार हो गए थे। विपिन शर्मा की तहरीर पर थाना बिसौली में मुकदमा दर्ज किया गया।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया शातिर

एसपी सुश्री अंकिता शर्मा ने मामले के खुलासे के लिए टीम गठित की। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया के निर्देशन, सीओ बिसौली संजीव कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन/व्यक्ति चेकिंग तेज कर दी।

Budaun Daroga Suicide: बदायूं कोर्ट की सुरक्षा में तैनात दरोगा ने क्यों लगाया मौत को गले? परिजनों के एक फोन से खुला खौफनाक राज!

11 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का माल लेकर अभियुक्त ग्राम खजुरिया के पास से निकलेगा। पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम दवतोरी निवासी रवि कुमार सिंह उर्फ सिद्धू पुत्र स्व. गजेन्द्र सिंह, उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी ने खोली चोरी की गुत्थी

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने चोरी की पूरी नगदी 1,90,400 रुपये, एक जोड़ी कड़े सफेद धातु, एक जोड़ी पायल सफेद धातु और तीन सफेद धातु के सिक्के बरामद किए। माल बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

पूछताछ में रवि ने कबूल किया कि चोरी उसने ही की थी। उसने बताया, "विपिन शर्मा के घर का ताला तोड़कर अलमारी से नगदी और जेवर चुराए थे। करीब 20 हजार रुपये दोस्तों के साथ उड़ा दिए। 20 हजार रुपये अपने बैंक खाते में जमा कर दिए थे। आज बचा हुआ माल ठिकाने लगाने जा रहा था, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।"

पुलिस टीम रही शामिल

इस सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में पूरी थाना बिसौली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। एसएसपी ने टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Location :  Budaun

Published :  11 June 2026, 6:39 PM IST