UP Election 2027: बसपा ने सुल्तानपुर सीट से इम्तियाज अहमद भुट्टो को बनाया उम्मीदवार, चुनावी हलचल तेज

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बसपा ने सुल्तानपुर विधानसभा सीट से इम्तियाज अहमद भुट्टो को उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी जिले में अब तक तीन प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर चुकी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 September 2026, 4:35 PM IST

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी ने सुल्तानपुर विधानसभा सीट (188) से इम्तियाज अहमद भुट्टो को अपना आधिकारिक उम्मीदवार और प्रभारी घोषित किया है।

बसपा की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद जिले की सियासत में हलचल बढ़ गई है। पार्टी लगातार विधानसभा सीटों पर अपने संभावित प्रत्याशियों के नाम सामने ला रही है।

मायावती के निर्देश पर लगी मुहर

बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर इम्तियाज अहमद भुट्टो के नाम को मंजूरी दी गई है।

सुल्तानपुर जिले में यह बसपा का तीसरा उम्मीदवार घोषित किया गया है। इससे पहले पार्टी लंभुआ विधानसभा सीट से शैलेंद्र सिंह और जयसिंहपुर सदर सीट से मधुबाला वर्मा को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।

मुस्लिम उम्मीदवार के ऐलान से बढ़ी सियासी चर्चा

सुल्तानपुर विधानसभा सीट पर बसपा के इम्तियाज अहमद भुट्टो को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

इसी सीट पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी अनीस अहमद खान को उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक इस सीट पर अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया है।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी पार्टियां

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दल संगठन स्तर पर तैयारियों में जुटे हैं। बसपा भी लगातार विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुनावी रणनीति को आगे बढ़ा रही है।

सुल्तानपुर सीट पर अब तक घोषित उम्मीदवारों के बाद आने वाले दिनों में अन्य दलों की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद चुनावी तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।

Location :  Sultanpur

Published :  21 September 2026, 4:35 PM IST