“शादी मेरे साथ और रूम में दूसरी लड़की” इतना बोलकर सुहागरात से पहले दुल्हन ने तोड़ी शादी, क्या सामने आएगा बेडरूम का सच?

जयमाला के बाद दूल्हा-दुल्हन कमरे में पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद शादी समारोह में ऐसा हंगामा हुआ कि पुलिस बुलानी पड़ गई। दुल्हन के आरोप और दूल्हे की सफाई ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है। आखिर कमरे में क्या हुआ था?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 November 2026, 2:50 PM IST
Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शादी की खुशियां उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। वजह जानकर बाराती और घराती दोनों हैरान रह गए। दुल्हन का आरोप है कि दूल्हे ने उसे और कैमरामैन को कमरे से बाहर निकाल दिया और दूसरी युवती के साथ करीब आधे घंटे तक कमरे में रहा। इस दौरान युवती के साथ दूल्हे की तस्वीरें खींचे जाने की बात भी सामने आई। दुल्हन के इस आरोप के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों को समझाने और विवाद सुलझाने की कोशिश कर रही है।

जयमाला के बाद कमरे में पहुंचा दूल्हा-दुल्हन, फिर हुआ विवाद

दरअसल, उत्तर प्रदेश में देवोत्थान एकादशी के साथ ही शादी-विवाह का सीजन शुरू हो गया है। इसी बीच फिरोजाबाद के गोपाल मैरिज होम में शुक्रवार रात एक शादी समारोह आयोजित किया गया था। एटा निवासी लड़की के परिवार वाले शादी करने के लिए फिरोजाबाद पहुंचे थे। शादी की रस्में चल रही थी और दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था।

जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा और दुल्हन एक कमरे में पहुंचे। वहां कैमरामैन उनकी तस्वीरें लेने लगे। इसी दौरान दुल्हन ने आरोप लगाया कि दूल्हे ने उसे और कैमरामैन को कमरे से बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद दूल्हा एक दूसरी युवती के साथ कमरे में करीब आधे घंटे तक रहा।

दूल्हे ने भी रखा अपना पक्ष (Image: X)

दुल्हन का कहना है कि दूल्हे ने उस युवती के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई। इस घटना से नाराज होकर उसने सबके सामने शादी करने से इनकार कर दिया।

दुल्हन के फैसले से बारातियों में मचा हड़कंप

दुल्हन के शादी से इनकार करते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई। जिस शादी में कुछ देर पहले तक जश्न और खुशियां मनाई जा रही थी, वहां दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। रिश्तेदारों ने मामले को शांत कराने और दुल्हन को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया।

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। फिलहाल दोनों पक्षों की काउंसलिंग की जा रही है। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

दूल्हे ने युवती को बताया दोस्त की बहन

वहीं, दूल्हे ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर अलग ही सफाई दी है। उसका कहना है कि कमरे में मिलने आई युवती उसके दोस्त की बहन थी। वह गुड़गांव में काम करती है और कासगंज में रहती है।

दूल्हे के मुताबिक, युवती शादी समारोह में आई थी और उसे यह बताने के लिए मिलने पहुंची थी कि वह अब वापस जा रही है। दूल्हे ने दावा किया कि उसने कमरे का दरवाजा बंद नहीं किया था और दुल्हन को कमरे से बाहर जाने के लिए भी नहीं कहा था। उसके अनुसार, दुल्हन को बाहर जाने के लिए किसी कैमरामैन ने कहा था।

फिलहाल दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर कायम हैं। पुलिस की ओर से मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि दोनों परिवारों के बीच सहमति बनती है या यह शादी विवाद के चलते टूट जाती है।

Location :  Firozabad

Published :  21 November 2026, 2:50 PM IST