अंकित बालियान मर्डर में बड़ा ट्विस्ट, इस गैंग ने ली हत्याकांड की जिम्मेदारी, इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई। करीब 20 राउंड फायरिंग में सिंगर को कई गोलियां लगीं। अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोगी गैंग के कथित शूटर भोलू शाहपुरिया ने सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 August 2026, 11:26 AM IST
google-preferred

Shamli News: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद अब इस वारदात ने नया मोड़ ले लिया है। हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोगी गैंग के शूटर भोलू शाहपुरिया ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लेने का दावा किया है। सोनीपत निवासी भोलू ने गुरुवार सुबह इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए ‘वेट एंड वॉच’ लिखा। इससे पहले बुधवार शाम अंकित की जिम के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की और वारदात के बाद फरार हो गए।

जिम से बाहर निकलते ही शुरू हुई फायरिंग

मामला शामली के बाबरी थाना क्षेत्र से जुड़ा है। बंतीखेड़ा निवासी 35 वर्षीय हरियाणवी सिंगर-कलाकार अंकित बालियान बुधवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे आर्यपुरी क्षेत्र में नाला पटरी स्थित मसल्स जिम पहुंचे थे। शाम करीब 6:48 बजे अंकित जिम से बाहर निकले और अपनी स्कॉर्पियो में बैठने लगे। इसी दौरान बाइक सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। करीब दो मिनट तक बदमाशों ने लगातार गोलियां चलाईं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

करीब 20 राउंड फायरिंग, गाड़ी में लगीं पांच गोलियां

पुलिस के मुताबिक फायरिंग के दौरान करीब 20 राउंड गोलियां चलाई गईं। इनमें से पांच गोलियां अंकित की गाड़ी में लगीं, जबकि करीब आठ गोलियां उन्हें लगीं। वह सड़क किनारे नाली के पास गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर करीब 200 मीटर तक फायरिंग करते हुए पैदल फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस को खून, कारतूस के खोखे और अंकित का मोबाइल फोन मिला है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

जिम में मौजूद पुलिसकर्मी ने पहुंचाया अस्पताल

जिस समय अंकित पर हमला हुआ, उस समय जिम के अंदर एक पुलिसकर्मी भी मौजूद था। फायरिंग की आवाज सुनकर वह बाहर आया और लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अंकित को उनकी ही गाड़ी में डालकर सीएचसी ले गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए शहर के पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई।

हत्या से पहले सोशल मीडिया पर क्या पोस्ट किया था?

पुलिस जांच में अंकित की सोशल मीडिया गतिविधियां भी सामने आ रही हैं। बताया गया कि हत्या से पहले उन्होंने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर अपनी आवाज में एक हरियाणवी संदेश साझा किया था। इसके अलावा दोपहर करीब 1:06 बजे उन्होंने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के गाने की कुछ पंक्तियों के साथ अपने और परिचितों के वीडियो वाला स्टेटस भी लगाया था। अब पुलिस इन पोस्ट और हत्या के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

भोलू शाहपुरिया के पोस्ट से बढ़ी हलचल

गुरुवार सुबह इंस्टाग्राम पर भोलू शाहपुरिया की ओर से अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किए जाने के बाद पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ गया है। पोस्ट में धमकी भरे अंदाज में संदेश भी लिखा गया और ‘वेट एंड वॉच’ कहा गया। हालांकि सोशल मीडिया पर सामने आए इस दावे की पुलिस ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है या नहीं, यह जांच का विषय है। पुलिस पोस्ट की सत्यता और इसके पीछे वास्तविक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।

चुनावी रंजिश और म्यूजिक इंडस्ट्री विवाद भी जांच के दायरे में

अंकित बालियान की हत्या के पीछे वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस कई एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस चुनावी रंजिश के साथ हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े संभावित विवादों को भी जांच के दायरे में रखे हुए है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।

शव रखकर परिजनों ने लगाया जाम

हत्या की खबर मिलते ही परिजनों और समर्थकों में आक्रोश फैल गया। स्वजन ने वर्मा मार्केट के पास शव सड़क पर रखकर देर रात तक जाम लगाया। उनकी मांग थी कि हत्यारों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। जाम की वजह से शहर में यातायात प्रभावित हुआ और पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, शूटरों की पहचान और सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले दावे की सच्चाई की जांच में जुटी है।

Location :  Shamli News

Published :  27 August 2026, 11:26 AM IST

Related News

Advertisement