UP STF का बड़ा खुलासा: 803 तोतों के साथ तस्कर गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय गिरोह हुए बेनकाब

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने सीतापुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय वन्य जीव तस्करी गिरोह के एक सदस्य को 803 रोजरिंग प्रजाति के तोतों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कई राज्यों में प्रतिबंधित पक्षियों की सप्लाई करता था। मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 29 March 2026, 3:45 PM IST

Sitapur: सीतापुर से एक एक बड़ा खुलासा हुआ, जब स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने वन्य जीव तस्करी के बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एक तस्कर को धर दबोचा। आरोपी के पास से 803 रोजरिंग प्रजाति के तोते बरामद हुए, जिन्हें बेरहमी से पिंजरों और झोलों में ठूंसकर दूसरे राज्यों में बेचने की तैयारी थी। इस कार्रवाई ने एक बार फिर वन्य जीव तस्करी के काले धंधे की सच्चाई उजागर कर दी है।

STF को मिली थी पुख्ता सूचना

एसटीएफ को इनपुट मिला था कि अंतर्राज्यीय गिरोह का एक सदस्य बड़ी संख्या में प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी करने वाला है। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम को एक्टिव किया गया। 28 मार्च को उपनिरीक्षक फैजूद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम सीतापुर में जांच कर रही थी, तभी सूचना मिली कि एक तस्कर दिल्ली जाने की फिराक में है।

दादरी में गरजे अखिलेश यादव: नोएडा एयरपोर्ट के बारे में बोली ऐसी बात; भाजपा वालों के छूटे पसीने!

घेराबंदी कर दबोचा आरोपी

सूचना मिलते ही एसटीएफ ने वन विभाग और वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की टीम के साथ मिलकर खैराबाद थाना क्षेत्र के शांतिनगर काजियारा में जाल बिछाया। मुखबिर की निशानदेही पर आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान 8 पिंजरों और 7 झोलों में ठूंसकर रखे गए 803 तोते बरामद हुए, जिनकी हालत बेहद खराब थी।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह लंबे समय से इस धंधे में शामिल है। पहले सामान्य पक्षियों का व्यापार करता था, लेकिन कम मुनाफे के चलते उसने प्रतिबंधित प्रजातियों की तस्करी शुरू कर दी। उसने खुलासा किया कि लखीमपुर खीरी, पीलीभीत और रामपुर के जंगलों से पक्षियों को पकड़कर उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

The Candid Talk: अमेठी की गलियों से 1500 करोड़ तक का सफर! राजेश मसाले की कहानी जो आपको हैरान कर देगी

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में अन्य तस्करों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि वन्य जीवों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Location : 
  • Sitapur

Published : 
  • 29 March 2026, 3:45 PM IST