
यूपी कैबिनेट ने धान क्रय नीति को दी मंजूरी
UP News: किसानों के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने खरीफ वर्ष 2025-26 के लिए धान क्रय नीति को हरी झंडी दे दी है। नई नीति के तहत पश्चिमी यूपी में धान खरीद 1 अक्टूबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक और पूर्वी यूपी में 15 अक्टूबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक की जाएगी।
इस बार सरकार ने किसानों को राहत देते हुए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाया है। सामान्य धान का मूल्य पिछले वर्ष ₹2,300 प्रति क्विंटल था, जिसे इस बार बढ़ाकर ₹2,369 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। वहीं ग्रेड-ए धान का एमएसपी ₹2,330 से बढ़ाकर ₹2,389 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। MSP में हुई इस बढ़ोतरी से किसानों को सीधे तौर पर बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार सरकार ने इस वर्ष 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। किसानों को सुविधा देने के लिए राज्य में वर्तमान में संचालित 3,100 क्रय केंद्रों की संख्या को बढ़ाकर 700 नए क्रय केंद्र और खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि खरीद व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को भुगतान समय पर और सीधे उनके बैंक खाते में सुनिश्चित किया जाए।
धान क्रय नीति के तहत पारदर्शिता और डिजिटल व्यवस्था पर जोर दिया गया है। किसान अब आसानी से ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी उपज बेच सकेंगे। सरकार का मानना है कि इस बार की नीति से किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य मिलेगा और बिचौलियों की भूमिका पर पूरी तरह रोक लगेगी।
Location : Lucknow
Published : 27 September 2025, 1:54 PM IST
Topics : farmers gift Lucknow paddy purchasing UP Cabinet