
बस्ती में सरेबाजार युवतियों से मारपीट (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Basti: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शुक्रवार शाम को सरेबाजार युवतियों से बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कटरा बुजुर्ग गांव में सब्जी की दुकान पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। युवतियों के साथ बदसलूकी करने और बाल पकड़कर घसीटने का आरोप लगा है। इस घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी अखिलेश कुमार मौर्य गांव के चौराहे पर सब्जी की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे राध्येश्याम का पुत्र विनय कुमार उनकी दुकान पर सब्जी खरीदने पहुंचा था। इसी दौरान संगम यादव की बेटियां सरस्वती और लक्ष्मी भी सब्जी लेने पहुंची थीं।
सब्जी खरीदने के दौरान विनय कुमार और दोनों युवतियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि युवतियों के साथ बदसलूकी की गई, जिसका उन्होंने विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर जुट गए और मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि युवतियों की शिकायत पर उनकी मां गुड़िया बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। वायरल वीडियो में एक युवक युवती के बाल पकड़कर उसे घसीटता और मारपीट करता नजर आ रहा है। वहीं, मां अपनी बेटियों को बचाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है।
मारपीट के चलते पूरे चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। घटना में एक पक्ष के राध्येश्याम और उनके पुत्र विनय कुमार, जबकि दूसरे पक्ष की गुड़िया और उनकी दोनों बेटियां सरस्वती व लक्ष्मी घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही दुबौला चौकी प्रभारी सुनील कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद विवाद शांत कराया और सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया।
बस्ती में रफ्तार बनी काल, ट्राले से टकराई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, युवकों के शराब के नशे में होने का भी आरोप लगाया गया है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Location : Basti
Published : 27 November 2026, 11:23 PM IST