Bareilly News: 24 घंटे पानी की सप्लाई में देरी पर भड़के नगर आयुक्त, कार्यदायी संस्था पर ठोका ₹5 लाख का जुर्माना

बरेली के इंदिरा नगर में 24 घंटे सातों दिन जलापूर्ति योजना के कार्यों में देरी और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कड़ा रुख अपनाया है नगर आयुक्त ने परियोजना के तहत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 October 2026, 3:42 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के इंदिरा नगर में 24 घंटे सातों दिन जलापूर्ति योजना के कार्यों में देरी और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कड़ा रुख अपनाया है नगर आयुक्त ने परियोजना के तहत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान खामियां मिलने पर कार्यदायी संस्था यूनिवर्सल एईपी प्रोजेक्ट एंड इंजीनियरिंग सर्विस के अभियंताओं को जमकर फटकार लगाई। साथ ही जल निगम के एक्सईएन को कार्यदायी संस्था पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने फरवरी तक परियोजना का काम पूरा करने की समयसीमा तय की है।

अमृत योजना के तहत बिछाई जा रही नई पाइपलाइन

शासन की अमृत योजना के तहत वार्ड संख्या 23 में 24 घंटे सातों दिन जलापूर्ति योजना को स्वीकृति दी गई है। इसके अंतर्गत वार्ड में नई पाइपलाइन बिछाने के साथ नए पेयजल कनेक्शन दिए जा रहे हैं। हालांकि, परियोजना के कार्यों में देरी और गुणवत्ता की अनदेखी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार के कारण योजना निर्धारित समय पर पूरी नहीं हो सकी है।

ये भी पढ़ें: Bareilly-Moradabad MLC Election Result: भाजपा के हरि सिंह ढिल्लों की लगातार दूसरी जीत

पार्षद की शिकायत पर निरीक्षण

स्थानीय पार्षद सतीश चंद्र कालिब मम्मा ने महापौर और नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कार्यदायी संस्था पर निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य बुधवार को जलकल और जल निगम के अभियंताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परियोजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति जानी और पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का निरीक्षण किया।

निर्धारित गहराई में नहीं मिली पाइपलाइन

निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर पाइपलाइन निर्धारित गहराई में नहीं बिछाए जाने की पुष्टि हुई। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अभियंताओं को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर मानकों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि परियोजना में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विद्यालयों, मंदिरों और डाकघर को भी मिलेंगे पेयजल कनेक्शन

नगर आयुक्त ने डी-ब्लॉक में सर्विस लेन से पेयजल कनेक्शन देने के निर्देश दिए। इसके अलावा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार शुल्क तय करने और विद्यालयों, मंदिरों, आयुष्मान केंद्र तथा डाकघर को भी पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी कराने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: Bareilly News: कोर्ट की हवालात से कैदी सचिन हुआ फरार, 8 पुलिसकर्मी निलंबित, तलाश में जुटीं 4 टीमें

फरवरी तक काम पूरा करने का लक्ष्य

नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को परियोजना की प्रगति पर लगातार नजर रखने और फरवरी तक सभी कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जलकल महाप्रबंधक मनोज कुमार आर्य, एक्सईएन संजय कुमार, नामित पार्षद राजीव गुप्ता सहित अन्य अभियंता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Location :  Bareilly

Published :  29 October 2026, 3:42 PM IST