हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में लगातार हो रही बारिश के बीच सरयू (घाघरा) नदी उफान पर है। एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 48 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। बैराजों से करीब चार लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के बाद निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।
आपदा विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह आठ बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर 106.550 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 106.070 मीटर है। नदी इस समय खतरे के निशान से 48 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बैराजों से कुल 3,95,454 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसमें गिरजा बैराज से 1,80,107 क्यूसेक, शारदा बैराज से 1,90,278 क्यूसेक, सरयू बैराज से 5,949 क्यूसेक और सुहेली बैराज से 19,120 क्यूसेक पानी शामिल है।
अतिरिक्त पानी छोड़े जाने से नदी किनारे बसे गांवों में दबाव बढ़ गया है और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार सुबह आठ बजे तक नवाबगंज में 7 मिमी, रामसनेहीघाट में 2 मिमी, फतेहपुर में 25 मिमी, रामनगर में 6 मिमी और सिरौलीगौसपुर में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं हैदरगढ़ में बूंदाबांदी हुई।75 गांव बाढ़ की चपेट में, कटान तेज
सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से तटवर्ती करीब 75 गांवों पर संकट मंडरा रहा है। सूरतगंज ब्लॉक के हेतमापुर में नदी तेजी से कटान कर रही है। यहां नदी किनारे स्थित एक मंदिर कटान की जद में आ गया है, जबकि बंद पड़ा बीएसएनएल भवन भी कभी भी नदी में समा सकता है।
इसके अलावा रामसनेहीघाट तहसील के खेतासराय, गुनौली, चिर्रा, पठकनपुरवा और सिरौलीगौसपुर के बबुरी गांव में भी कटान तेज हो गया है। ग्रामीणों में डर का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कटान रोकने के लिए किए जा रहे प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। वहीं प्रशासन और बाढ़ कार्यखंड की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित इलाकों में जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Location : Barabanki
Published : 8 September 2026, 10:22 AM IST
Topics : Barabanki Flood News Elgin Bridge Water Level Ghaghra River Water Level Saryu River Flood UP Flood Alert