विरासत और सम्मान के लिए बलरामपुर एकजुट, किस चौराहे पर किसकी मूर्ति लगाने की उठी मांग

शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी विकास की मजबूत नींव रखकर बलरामपुर को नई पहचान देने वाले महाराजा साहब का अमूल्य योगदान आज भी हर जिलेवासी के दिल में बसा है। आखिर किस मांग को लेकर लोग एकजुट हुए हैं और आगे क्या होने वाला है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 July 2026, 2:15 PM IST

Balrampur: शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की मजबूत नींव रखने वाले महाराजा साहब के सम्मान में फुलवरिया बाईपास चौराहे पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। इस मुद्दे पर अब सिर्फ कुछ लोग ही नहीं, बल्कि समाज के अलग-अलग वर्ग, छात्र, अधिवक्ता और कई संगठन भी खुलकर सामने आने लगे हैं।

महाराजा साहब को याद कर रहा बलरामपुर

बलरामपुर के इतिहास में महाराजा साहब का नाम विकास और जनसेवा के लिए विशेष सम्मान के साथ लिया जाता है। उस समय जब जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित थीं, तब उन्होंने कई महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना कर नई दिशा दी।

ये भी पढे़ं- बलरामपुर में एटीएस की बड़ी कार्रवाई से बेनकाब हुआ आईएसआई का नेटवर्क

महारानी लाल कुंवरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, एम.पी.पी. इंटर कॉलेज, डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, बालिका इंटर कॉलेज और महारानी देवेंद्र कुंवरी इंटर कॉलेज जैसे शिक्षण संस्थानों की स्थापना उनके प्रयासों का परिणाम मानी जाती है। इसके साथ ही जिले में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा देने में भी उनका अहम योगदान रहा।

पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष ने शुरू की मुहिम

एमएलके पीजी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और तुलसीपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राजेश्वर मिश्रा ने इस मांग को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया है। उन्होंने जिले के लोगों, छात्र-छात्राओं और प्रबुद्ध नागरिकों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की है।

राजेश्वर मिश्रा का कहना है कि महाराजा साहब ने जिस तरह बलरामपुर के विकास के लिए अपना योगदान दिया, उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, स्थानीय विधायक और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष को पत्र लिखकर फुलवरिया बाईपास चौराहे पर महाराजा साहब की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग उठाने की अपील की है।

ये भी पढे़ं- पहले इसे संभाल लो… कोबरा के काटने के बाद युवक ने जो किया, अस्पताल में हर कोई रह गया दंग

अब संगठनों का भी मिलने लगा समर्थन

यह मांग अब धीरे-धीरे व्यापक रूप लेती जा रही है। जिला युवा बार संघ बलरामपुर ने भी इस अभियान का समर्थन किया है। संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर फुलवरिया बाईपास चौराहे पर महाराजा साहब की प्रतिमा लगाने की मांग की। बार संघ का कहना है कि महाराजा साहब का योगदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आज भी जिले की पहचान है। ऐसे व्यक्तित्व को सार्वजनिक स्थान पर सम्मान मिलना पूरे बलरामपुर के लिए गर्व की बात होगी।

Location :  Balrampur

Published :  22 July 2026, 2:15 PM IST