Balrampur Rain News: रातभर बरसा आसमान, सुबह दिखा तबाही का मंजर; अब राप्ती नदी ने बढ़ाई टेंशन

बलरामपुर में बीते 12 घंटे की तेज बारिश और तूफानी आंधी ने भारी तबाही मचा दी। 63.5 मिमी बारिश के बीच कई मकान ढह गए और चार लोगों की मौत हुई। पेड़ और बिजली के पोल गिरने से व्यवस्था प्रभावित हुई। अब राप्ती नदी का बढ़ता जलस्तर प्रशासन के लिए नई चिंता बन गया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 27 September 2026, 9:55 AM IST

Balrampur: बलरामपुर जिले और आसपास के इलाकों में बीते 12 घंटे में हुई मूसलाधार बारिश और तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई है। मौसम विभाग के अनुसार आधे दिन में 63.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश और तूफान के चलते करीब दर्जन भर मकान ढह गए, जबकि अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत की सूचना है। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

आंधी-बारिश ने मचाई भारी तबाही

तेज गरज और तूफानी हवाओं के साथ हुई बारिश का असर जिले के कई हिस्सों में देखने को मिला। देखते ही देखते कई बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए और कच्चे व कमजोर मकान ढह गए। इससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई इलाकों में सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।

पेड़ के नीचे दबा बाइक सवार

पचपेड़वा मार्ग पर बारिश के दौरान एक बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया। अचानक एक भारी पेड़ सड़क पर गिर पड़ा और बाइक सवार उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं विशुनपुर में तेज आंधी के कारण बिजली का पोल गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पूर्व प्रधान घायल हो गए।

दिल्ली के सुखदेव विहार में रफ्तार का कहर: 100 की स्पीड में दौड़ रही कार ने ऑटो को रौंदा, चालक की दर्दनाक मौत

बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित

बारिश और तेज हवाओं ने जिले की बिजली व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। शहरी और ग्रामीण इलाकों के 54 से अधिक सेक्टरों में हाईटेंशन तार टूटने और बिजली के पोल गिरने की जानकारी सामने आई है। इसके चलते कई गांवों और मोहल्लों में पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। विद्युत निगम की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और लाइनों की मरम्मत में जुटी हैं।

राप्ती नदी का बढ़ रहा जलस्तर

लगातार बारिश के बीच राप्ती नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक नदी का जलस्तर -104.030 मीटर तक पहुंच गया है। जलस्तर में वृद्धि के बाद नदी किनारे और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के भारी बारिश के अनुमान और राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने और जर्जर मकानों व अन्य कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की गई है। राहत और बचाव कार्य भी जारी है।

Location :  Balrampur

Published :  27 September 2026, 9:55 AM IST