
बलरामपुर एडमिनिस्ट्रेशन अलर्ट (Img: Dynamite News)
Balrampur : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बलरामपुर पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में रविवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय खुद मोर्चे पर उतरे।
उन्होंने जिले के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों को परखा तथा मौके पर तैनात प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को बेहद कड़े और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि परीक्षा की गरिमा और शुचिता से किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी। उन्होंने मुख्य रूप से केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम की सतर्कता और अभ्यर्थियों के प्रवेश तथा निकास द्वारों की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की।
Balrampur: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना पड़ा भारी, जानिए कैसे निकली हैकड़ी?
इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा देने आ रहे दूर-दराज के अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुगम आवाजाही और सड़कों पर सुदृढ़ यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी केंद्र के बाहर जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
एएसपी विशाल पाण्डेय ने ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अमले को पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और अत्यधिक सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी देने की नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा जाएगा और लापरवाही बरतने वाले पआर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बलरामपुर पुलिस द्वारा पूरी परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा के कड़े घेरे के तहत चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
स्थानीय अभिसूचना इकाई और पुलिस की सोशल मीडिया सेल के माध्यम से भी हर भ्रामक खबर या संदिग्ध गतिविधि पर लगातार और गहरी निगरानी रखी जा रही है ताकि पूरी परीक्षा प्रक्रिया निर्विघ्न संपन्न हो सके।
Location : Balrampur
Published : 14 June 2026, 10:03 AM IST
Topics : Balrampur GIC lecturer exam UP Police UPPSC GIC