
बागपत से दिल दहला देने वाली घटना
बागपत : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की अहमियत और भरोसे को तार-तार कर दिया है। तकरीबन पांच महीने पहले लापता हुए युवक हिमांशु की हत्या की गुत्थी अब जाकर सुलझी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का चचेरा भाई निकला — जो भारतीय सेना में तैनात था।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अक्षय नाम के इस युवक को शक था कि हिमांशु के उसकी पत्नी से नाजायज़ संबंध थे। इसी शक में उसने खौफनाक साजिश रच डाली। पहले उसने हिमांशु को सीने में गोली मारी, फिर उसका गला काट दिया और लाश को ठिकाने लगाने के लिए हिंडन नदी में फेंक दिया।
घटना बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र की है, जहां पांच महीने पहले मेरठ के छुर गांव निवासी हिमांशु रहस्यमय हालात में लापता हो गया था। परिजन उसे खोजते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच आरोपी अक्षय भी गायब हो गया, जिससे शक की सुई उसकी ओर घूमी। हाल ही में पुलिस ने जब अक्षय को पकड़ा तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। हत्या के दौरान पहना गया हिमांशु का एक जूता, जो आरोपी की निशानदेही पर मिला, इस वारदात का सबसे बड़ा सबूत बन गया।
आरोप है कि हिमांशु के अपने चचेरे भाई अक्षय की पत्नी से अवैध संबंध थे। जब उसका चचेरा भाई ड्यूटी पर जाता था तो हिमांशु बागपत में अपने मायके में अक्षय की पत्नी से मिलता था। इसी शक के चलते अक्षय छुट्टी लेकर गांव आया और अपनी पत्नी से छुर गांव से हिमांशु को बुलाने के लिए कहा। जैसे ही हिमांशु वहां पहुंचा तो साजिश और पूरी योजना के मुताबिक पहले हिमांशु को गोली मारी गई और फिर उसकी गर्दन काट दी गई।
इसके बाद शव को हिंडन नदी में फेंक दिया गया। इसके बाद जब परिजनों को तीन दिन तक हिमांशु का कोई सुराग नहीं मिला तो गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया। परिजनों को हिमांशु के मायके वालों पर शक हुआ तो हत्या का मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने जांच शुरू की तो 8 लोगों को हिरासत में लिया गया लेकिन उस दौरान अक्षय फरार हो गया। पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। अब पांच महीने बाद पुलिस ने अक्षय को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर पुलिस को हिमांशु का एक जूता मिला है जो इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सबूत बन गया है।
इस मामले में एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खेकड़ा क्षेत्र में हुए हिमांशु हत्याकांड का खुलासा हो गया है, जिसमें अक्षय फौजी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम था। उसने अपनी पत्नी से अवैध संबंध के शक में अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मृतक के जूते बरामद कर लिए हैं।
Location : Baghpat
Published : 1 June 2025, 3:05 PM IST
Topics : Baghpat crime news Baghpat murder case Himanshu murder illicit affair murder soldier kills cousin