
संपत्ति विवाद में महिला की नृशंस हत्या
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूरा मामला तरवा थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर गांव का है। बीती मंगलवार रात की इस घटना ने दिल दहला कर रख दिया है। 55 वर्षीय महिला रामदुलारी तिवारी की छत पर सोते समय लोढ़ा से कूंचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला रात को रोजाना की तरह छत पर अकेले सोती थीं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक,रामदुलारी के पति अगस्त तिवारी स्थानीय थाने में होमगार्ड हैं और मंगलवार रात ड्यूटी पर थे। बुधवार को जब वह तड़के ड्यूटी से लौटे तो दरवाजा बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह बांस की सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े। वहां उन्होंने अपनी पत्नी रामदुलारी का खून से लथपथ शव देखा, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। पूरी छत पर खून फैला हुआ था और मृतका के सिर के
साथ ही शरीर पर भी चोट के कई निशान थे, जिससे साफ हो गया कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है और मृतका ने खुद के बचाव का प्रयास किया है। मृतका के सात संतानें हैं, जिनमें एक पुत्र और सात पुत्रियां शामिल हैं। पाँच पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि घटना के समय दो पुत्रियां ननिहाल गई हुई थीं और पुत्र बाहर था।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ लालगंज और एसओ तरवा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाना शुरू किया। जांच के दौरान मौके से सील बैट की लोहे की रॉड और प्लास्टिक का पाइप बरामद हुआ। डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया, लेकिन शुरुआती जांच में उन्हें कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
रामदुलारी के पति अगस्त तिवारी ने इस हत्या को लेकर एक चौंकाने वाला दावा भी किया है। रामदुलारी के पति अगस्त तिवारी ने आरोप लगया है कि इस हत्या के पीछे किसी गांव वाले का ही हाथ है। उन्होंने बताया कि रामदुलारी को उनके रिश्तेदार बालमोहन तिवारी ने अपनी संपत्ति दी थी। मनोज, जो बालमोहन के पट्टीदार हैं, पिछले चार वर्षों से रामदुलारी पर दबाव बना रहे थे और उनसे पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
अगस्त तिवारी का कहना है कि रामदुलारी कहती थी कि उसने बालमोहन की अंतिम समय में सेवा की थी, इसलिए उसे संपत्ति दी गई थी। इसी बात को लेकर मनोज उसे लगातार परेशान कर रहा था और अब उसकी हत्या कर दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Location : Azamgarh
Published : 28 May 2025, 11:06 AM IST
Topics : Azamgarh Murder Case Murder by hitting with a rod Murder of home guard's wife Property dispute murder Woman murdered on roof