हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Azamgarh: आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि खासडीह बरईपुर बड़ी नहर के पास कुछ लोग गोवंश का वध कर मांस को बिक्री के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी बोरियां छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, भाग रहे आरोपियों में शामिल मेराज उर्फ साजिद खान ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
वहीं मौके से भाग रहे उसके दो साथियों गालिब और शहजाद को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, चार चाकू, दो चापड़, लकड़ी का ठीहा और 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने फरार साथी अरहम के साथ मिलकर सुनसान स्थानों पर गोवंश का वध करते थे। इसके बाद मांस को बोरियों में भरकर आसपास के इलाकों में बेचने ले जाते थे।
पशु चिकित्साधिकारी की जांच में बरामद मांस प्रथम दृष्टया प्रतिबंधित गोवंश का बताया गया है। इसके नमूने जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी अरहम की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और मामले में शामिल सभी आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Azamgarh
Published : 14 July 2026, 2:30 PM IST