
आशीषित पाल सिंह ने बनाया नेशनल रिकॉर्ड
Maharajganj: अगर हौसले मजबूत हों तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह नहीं रोक सकते। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के सिसवा कस्बे के गोपाल नगर निवासी आशीषित पाल सिंह ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरे इलाके को गौरवान्वित कर दिया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, देहरादून के रायपुर में 1 मार्च को आयोजित सब जूनियर जर्चर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में आशीषित पाल सिंह ने 80 किलोग्राम जूनियर वर्ग में 185 किलोग्राम वजन उठाकर नया नेशनल रिकॉर्ड बना दिया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया और अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
आशीषित पाल सिंह महराजगंज जिले के सिसवा कस्बे के गोपाल नगर निवासी विश्वपाल सिंह के पुत्र हैं। आशीषित ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में केवल शौक के तौर पर बॉडी बिल्डिंग के लिए जिम जाना शुरू किया था, लेकिन धीरे-धीरे यह शौक जुनून में बदल गया। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करते रहे।
उन्होंने बताया कि सहारनपुर निवासी अपने कोच मुकुल पवार के मार्गदर्शन में वे नियमित रूप से कड़ी ट्रेनिंग करते हैं। कठिन अभ्यास और अनुशासन की बदौलत उन्होंने पहले भी 175 किलोग्राम वजन उठाकर जूनियर लिफ्टिंग चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। अब उसी रिकॉर्ड को तोड़ते हुए उन्होंने 185 किलोग्राम वजन उठाकर नया इतिहास रच दिया है।
आशीषित की यह उपलब्धि केवल जिले ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात बन गई है। उनकी इस शानदार उपलब्धि के बाद अब उन्हें यूरोप में आयोजित होने वाली “ओल्ड स्कूल स्ट्रॉन्गमैन वर्ल्ड चैंपियनशिप” के लिए भी चयनित किया गया है। यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होती है, जिसमें दुनिया के कई मजबूत खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।
आशीषित के पिता विश्वपाल सिंह पेशे से होम्योपैथ चिकित्सक हैं और सिसवा नगर में कई वर्षों से लोगों की सेवा कर रहे हैं। बेटे की इस बड़ी सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। आशीषित की उपलब्धि की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, लोगों ने उन्हें बधाइयों से घेर लिया। नगर के ओए जोसेफ, अरविंद सिंह, पंडित अवधेश चौबे, शिव तिवारी, मनीष शर्मा सहित कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Location : Maharajganj
Published : 11 March 2026, 3:52 PM IST
Topics : Ashishit Pal Singh Junior Weightlifting Maharajganj News National Record Zercher Lifting Championship