अंकित बालियान हत्याकांड: गोगी गैंग के फरार शूटरों पर पुलिस का शिकंजा, इनाम बढ़कर हुआ 1-1 लाख, कई राज्यों में तलाश

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार गोगी गैंग के शूटर आर्यन और सत्यम पर पुलिस ने इनाम बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये कर दिया है। पुलिस की पांच टीमें कई राज्यों में दबिश दे रही हैं। वहीं, हरियाणा से सटे यूपी के जिलों में बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष पुलिस टीम बनाने की तैयारी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 3 September 2026, 3:58 AM IST

Shamli News: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद फरार चल रहे गोगी गैंग के दो शूटर अब पुलिस के निशाने पर हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। एडीजी मेरठ जोन ने फरार शूटर आर्यन और सत्यम पर घोषित इनाम को 50-50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये कर दिया है। पुलिस की पांच टीमें हरियाणा के साथ दिल्ली, राजस्थान और पंजाब में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन दोनों अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

जिम से निकलते ही गोलियों से भून दिया था

26 अगस्त को सदर कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी मार्ग पर जिम से बाहर निकलते समय बदमाशों ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। हमले में उनकी मौत हो गई थी। हत्याकांड की जिम्मेदारी हरियाणा के गोगी गैंग ने ली थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान दो शूटर सुमित और मोहित को ढेर कर दिया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। अब फरार आर्यन और सत्यम पर भी इनाम की रकम बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये कर दी गई है।

रेकी से लेकर पनाह देने वालों तक जांच

एसपी एनपी सिंह के मुताबिक फरार दोनों शूटरों की तलाश लगातार जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के दौरान कुछ अन्य संदिग्ध लोगों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें रेकी करने वाले, सिम उपलब्ध कराने वाले और जीपीएस बेचने वालों की भूमिका की जांच की जा रही है। हत्या के बाद आरोपियों को पनाह देने वालों पर भी पुलिस की नजर है।

हरियाणा के बदमाशों के लिए बनेगी विशेष टीम

अंकित बालियान हत्याकांड के बाद यूपी पुलिस ने हरियाणा से सटे जिलों में अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। सीमा से लगे जिलों में विशेष पुलिस टीम गठित की जाएगी, जो हरियाणा के बदमाशों और वहां सक्रिय गिरोहों पर नजर रखेगी। इस टीम की निगरानी जिले के एसपी सीधे करेंगे।

यूपी और हरियाणा की सीमा कई जगह यमुना के आसपास लगती है। शामली की सीमा करनाल और पानीपत से, बागपत की सीमा सोनीपत और पानीपत से, जबकि सहारनपुर की सीमा यमुनानगर और करनाल से जुड़ती है। पुलिस का मानना है कि सीमा का फायदा उठाकर अपराधी एक राज्य से दूसरे राज्य में आसानी से निकल जाते हैं।

सीमा पर 24 घंटे होगी निगरानी

पुलिस अब पुरानी वारदातों में शामिल हरियाणा के बदमाशों का डाटा तैयार करेगी। वहां सक्रिय गैंग और उनसे जुड़े अपराधियों की जानकारी जुटाकर हरियाणा पुलिस के साथ साझा की जाएगी। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में 24 घंटे सघन चेकिंग और निगरानी बढ़ाने की तैयारी है।

एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने कहा कि यूपी में अपराध करने वाले गिरोह और वारदात के बाद यहां पनाह लेने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। हरियाणा सीमा से सटे जिलों में विशेष टीम बनाकर बदमाशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Shamli

Published :  3 September 2026, 3:58 AM IST