बलिया में बेटियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान, बढ़ा हौसला

बलिया के गंगा बहुउद्देशीय सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और महिला कल्याण विभाग की लाभार्थियों को अंगवस्त्रम, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और शॉल देकर सम्मानित किया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 September 2026, 8:02 PM IST

Ballia : उत्तर प्रदेश सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मंगलवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और महिला कल्याण विभाग की लाभार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया।

इसके बाद जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

लाभार्थियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग और बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को अंगवस्त्रम, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और शॉल देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में पोषण, बालिका शिक्षा, महिला कल्याण और विभागीय योजनाओं को लेकर लोगों को जागरूक भी किया गया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी के.एम. पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन, जिला पूर्ति अधिकारी देव मुनि मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

मेधावी बेटियों को मिला विशेष सम्मान

कार्यक्रम में राजकीय बालगृह बालिका में रह रहीं मेधावी बालिकाओं को उनकी शैक्षिक उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इशरत, अंशु पासवान, शिल्पी, पूजा, अमृता, अंकिता, स्वीटी शाह, मनीषा, अनुप्रिया, पुतुल और संजना को मुख्य अतिथि श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव ने शॉल, प्रशस्ति पत्र, बैग, पुस्तक और मेडल देकर सम्मानित किया।

वहीं बालिकाओं की देखभाल और मार्गदर्शन के लिए बालगृह अधीक्षिका अमिता जैन को भी अंगवस्त्रम, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कहा गया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना का उद्देश्य बेटियों को बेहतर शिक्षा के अवसर देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सफल बनाना है।

नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र

समारोह के दौरान नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। बलिया सदर, हनुमानगंज और बेलहरी ब्लॉक की 10-10 नवनियुक्त सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद सहायिकाओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। इसके साथ ही सुपोषण योद्धाओं को प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की गई।

बलिया नगर के 17, दुबहड़ के 10, सोहांव के 21 और गड़वार ब्लॉक के 20 सुपोषण योद्धाओं को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि पोषण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में इनका योगदान महत्वपूर्ण है।

Location :  Ballia

Published :  8 September 2026, 8:02 PM IST