Ambedkar Nagar Accident: मिट्टी गिराने उठा था डंपर का डाला, पर पल भर में वो कैसे बन गया आग का गोला? जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर के अमरौला वार्ड में मिट्टी गिराते समय एक डंपर हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया, जिससे एक बड़ा हादसा हो गया। जानें पूरा मामला...

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 May 2026, 12:10 PM IST

Ambedkar Nagar: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ के अमरौला वार्ड में मिट्टी गिराते समय एक डंपर ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट इतना जोरदार था कि डंपर देखते ही देखते आग का गोला बन गया। इस दर्दनाक हादसे में डंपर चालक की केबिन के अंदर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना अंबेडकरनगर नगर क्षेत्र के अमरौला वार्ड की है। यहाँ जंग बहादुर के ईंट-भट्टे के लिए एक डंपर से मिट्टी लाई जा रही थी। डंपर चालक मिट्टी को डंप करने के लिए जैसे ही डाला खोलने लगा, उसने हाइड्रोलिक को ऊपर की तरफ उठाया।

इसी दौरान डंपर का ऊपर उठा हुआ डाला वहां से गुजर रही 11,000 वोल्ट की उच्च क्षमता वाली (High Voltage) बिजली की लाइन से टकरा गया। तार छूते ही पूरे डंपर में तेज करंट दौड़ गया और पल भर में उसमें भीषण आग लग गई।

Farrukhabad Encounter: पुलिस हिरासत से भागा हिस्ट्रीशीटर कुलवंत; रात के अंधेरे में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट

चीखता रहा चालक, बेबस खड़े रहे लोग

डंपर में आग लगते ही केबिन के अंदर मौजूद चालक आलोक वर्मा निवासी चिऊटीपारा गांव, अकबरपुर जान बचाने के लिए बुरी तरह चीखने-चिल्लाने लगा। उसकी दिल दहला देने वाली चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़े, लेकिन हाई वोल्टेज करंट और आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि चाहकर भी कोई डंपर के पास जाने का साहस नहीं जुटा सका। लोग अपनी आंखों के सामने चालक को झुलसता देख पूरी तरह बेबस खड़े रहे। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डंपर के भीतर ही चालक आलोक वर्मा की जिंदा जलकर बेहद दर्दनाक मौत हो गई।

Ludhiana Cyber Fraud: लुधियाना में 132 ठगों की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा, 450 म्यूल खातों से हुआ करोड़ों का खेल

पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि घटना बेहद दुखद है और पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है कि क्या वहां बिजली के तार तय मानक से नीचे थे या यह पूरी तरह एक दर्दनाक मानवीय भूल का नतीजा है।

Location :  Ambedkarnagar

Published :  18 May 2026, 12:10 PM IST