मिर्जापुर में आखिर कहां गया 77 हजार का पैसा? कागजों में सड़क, जमीन पर कुछ नहीं!

मिर्जापुर के सिटी ब्लॉक की ग्राम सभा दुल्लहपुर के ग्राम दूबेपुर में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। ग्रामीण ने डीपीआरओ को शिकायत देकर पीएम रोड से बाकर यादव के घर तक इंटरलॉकिंग कार्य के नाम पर 77,153 रुपये की धनराशि जारी कराने का दावा किया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 29 August 2026, 1:19 PM IST

Mirzapur : जिले के सिटी विकास खंड की ग्राम सभा दुल्लहपुर के अंतर्गत ग्राम दूबेपुर में विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) तक लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

77 हजार रुपये निकालने का आरोप

शिकायतकर्ता सत्यनारायण उर्फ बाकर यादव पुत्र स्व. रामनाथ, निवासी दूबेपुर ने 10 जून 2026 को डीपीआरओ को दिए प्रार्थना पत्र में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव पर मिलीभगत कर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

शिकायत के मुताबिक, गांव में ग्रामीण सड़क योजना के तहत पीएम रोड से बाकर यादव के घर तक इंटरलॉकिंग कार्य दर्शाया गया है। इसके लिए 77,153 रुपये की धनराशि जारी कराए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि मौके पर पीएम रोड से बाकर यादव के घर तक कोई इंटरलॉकिंग कार्य कराया ही नहीं गया।

मिर्जापुर के एक परिवार का कमाल, 5 सगे भाइयों ने एक साथ पास की UPTET परीक्षा

कई अन्य योजनाओं में भी गड़बड़ी का आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इसी तरह अन्य कई योजनाओं के नाम पर भी धनराशि आवंटित कराकर ग्राम सभा में कार्य नहीं कराया गया। आरोप है कि ग्राम प्रधान प्रभावशाली होने के चलते ग्राम पंचायत सचिव के साथ मिलीभगत कर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी अभिलेखों में जिन कार्यों को पूरा दिखाया गया है। उनका मौके पर भौतिक सत्यापन कराया जाना जरूरी है। इससे वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, विकास कार्यों का मौके पर सत्यापन कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, मामले को लेकर अभी ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव का पक्ष सामने नहीं आया है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Location :  Mirzapur

Published :  29 August 2026, 1:18 PM IST