
मौके पर पुलिस
Aligarh: अलीगढ़ के महुआ खेड़ा थाना क्षेत्र के बने गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे 55 वर्षीय मजदूर वेद प्रकाश की मिट्टी के ढेर में दबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डंपर चालक ने बिना देखे मिट्टी से भरा लोड सीधे उस स्थान पर खाली कर दिया, जहां मजदूर चारपाई पर सो रहा था।
पुलिस के अनुसार, गंगानगर कॉलोनी निवासी वेद प्रकाश निर्माणाधीन साइट पर मजदूरी करते थे। दिन में काम करने के बाद वह रात में वहीं रुककर निर्माण सामग्री की निगरानी और रखवाली भी करते थे। रोजाना की तरह घटना वाली रात भी वह साइट पर चारपाई डालकर सोए हुए थे।
सुबह करीब पांच बजे मिट्टी लेकर एक डंपर साइट पर पहुंचा। आरोप है कि चालक ने आसपास की स्थिति की जांच किए बिना ही मिट्टी खाली कर दी। मिट्टी का भारी ढेर सीधे चारपाई पर सो रहे वेद प्रकाश के ऊपर गिर गया। भारी मलबे के नीचे दबने और कुचलने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का पता उस समय चला जब सुबह करीब 6:30 बजे वेद प्रकाश की पत्नी उनके लिए चाय लेकर निर्माणाधीन स्थल पर पहुंचीं। काफी तलाश के बाद भी जब वे दिखाई नहीं दिए तो उन्हें चिंता हुई। इसी दौरान मिट्टी के नए ढेर के पास वेद प्रकाश का सामान बिखरा मिला। शक होने पर लोगों ने मिट्टी हटानी शुरू की, जिसके बाद नीचे से वेद प्रकाश का शव बरामद हुआ।
मिट्टी के ढेर से शव निकलते ही परिवार और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही महुआ खेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
महुआ खेड़ा थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों से तहरीर ले रही है। शिकायत मिलने के बाद आरोपी डंपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों और कार्यस्थल निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए।
Location : Aligarh
Published : 9 June 2026, 3:04 PM IST