
उपचुनाव नतीजों पर बोले अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुजरात, बंगाल, पंजाब, केरल में संपन्न हुए उपचुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, जिसमें उन्होंने इसे भाजपा के “अंतिम दौर” की शुरुआत बताया और इंडिया गठबंधन की बड़ी जीत पर खुशी जताई।
उपचुनावों में इंडिया गठबंधन का दबदबा
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में बताया कि गुजरात, पश्चिम बंगाल, पंजाब और केरल में हुए उपचुनावों में इंडिया गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 80% सीटों पर जीत दर्ज की है। उन्होंने इसे जनता की जागरूकता और बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत बताया।
भाजपा अपने अंतिम दौर में है- अखिलेश यादव
अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए लिखा ये जीत साफ़ बता रही है कि भाजपा अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। जनता ने अब बदलाव का मन बना लिया है। अखिलेश का यह बयान आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विजयी उम्मीदवारों को दी बधाई
सपा प्रमुख ने इंडिया गठबंधन के सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई दी और उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित रहने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ की जीत है, जो बदलाव चाहती है।
'जनता की जागरूकता ही परिवर्तन लाएगी'
अखिलेश यादव ने अपने संदेश में लिखा जनता की जागरूकता ही परिवर्तन लाएगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आज के समय में जब लोकतंत्र खतरे में है, तब देश की जनता को सच्चे मुद्दों पर सोचने और वोट देने की जरूरत है। यह जागरूकता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाएगी।
'INDIA' ही इंडिया को आगे ले जाएगा
अपने पोस्ट के अंत में अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन के विजन पर भरोसा जताते हुए कहा INDIA ही इंडिया को आगे ले जाएगा। यह वाक्य न सिर्फ गठबंधन का आत्मविश्वास दर्शाता है, बल्कि आने वाले चुनावों के लिए एक सशक्त राजनीतिक संदेश भी देता है।
Location : Lucknow
Published : 23 June 2025, 6:35 PM IST