एम्स थाना क्षेत्र में युवक के पास ऐसा क्या मिला कि पुलिस ने तुरंत कर लिया गिरफ्तार

जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत एम्स थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 July 2026, 1:53 AM IST

Gorakhpur: जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत एम्स थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक युवक को 0.657 किलोग्राम (657 ग्राम) अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष एम्स के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गौरव तिवारी अपनी पुलिस टीम के साथ आबकारी विभाग की टीम के सहयोग से क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और गश्त कर रहे थे।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुसम्ही बाजार क्षेत्र में दबिश देकर एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 0.657 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान राजन पुत्र भोला, निवासी कुसम्ही बाजार, थाना एम्स, जनपद गोरखपुर के रूप में बताई। बरामदगी के आधार पर थाना एम्स में मु.अ.सं. 216/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस उद्देश्य से रखा गया था। पुलिस इसके तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से लखनऊ तक सीधी रोडवेज बस सेवा की उठी मांग, हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत

इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक शंकर लाल, आबकारी निरीक्षक कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही राजेश चन्द्र, आबकारी सिपाही राजेश तिलक राम, अखंड प्रताप, अभिषेक कुमार यादव, उपनिरीक्षक गौरव तिवारी तथा कांस्टेबल रामबक्स चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।

Gorakhpur News: गोरखपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को मिली कठोर सजा

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 July 2026, 1:50 AM IST