
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Agra: मंटोला थाना क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक ढांचे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक विवाहिता ने अपने पति पर तीन तलाक देने, दहेज की मांग पूरी न होने पर उत्पीड़न करने और हलाला के नाम पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। वहीं, पति ने भी पत्नी और उसके मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरी कहानी को साजिश बताया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि उसका निकाह पांच साल पहले मंटोला के एक जूता कारोबारी से हुआ था। शादी के बाद दो बच्चों का जन्म भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग लगातार जारी रही। महिला के अनुसार, उससे 1 करोड़ रुपये नकद और मर्सिडीज कार की मांग की जा रही थी, जिसे पूरा न करने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न शुरू हो गया।
महिला ने आरोप लगाया कि 11 मई को पति ने दहेज न मिलने पर उसे तीन बार तलाक बोल दिया, जिससे उसका वैवाहिक जीवन पूरी तरह टूट गया।
Prayagraj: दबंगों ने जमीन पर किया कब्जा, इंसाफ न मिलने पर युवती टावर पर चढ़ी
महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया कि तलाक के अगले ही दिन यानी 12 मई को पति ने उसे दोबारा साथ रखने के लिए हलाला की शर्त रखी। पीड़िता का आरोप है कि इसी प्रक्रिया के नाम पर उसके ससुर और देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया तो उसे बुरी तरह पीटा गया और धमकाया गया।
घटना के बाद पीड़िता ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
वहीं, दूसरी ओर आरोपी पति ने वीडियो जारी कर पत्नी और उसके मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसके ससुर 5 लाख रुपये उधार मांग रहे थे, और मना करने पर यह पूरा मामला खड़ा किया गया।
पति का आरोप है कि पत्नी के मायके पक्ष के करीब 25 लोगों ने उसके घर में घुसकर उसके पिता और भाई के साथ मारपीट की। उसने यह भी दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
Agra News: रहम की भीख मांगता रहा युवक, दबंगों ने एक न सुनी और पीट-पीटकर मार डाला
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मंटोला पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की तहरीर पर पति, ससुर, सास, देवर और ननद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
साथ ही दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Agra
Published : 14 May 2026, 9:41 AM IST