Agra: जिस स्कूल बस से कुचले गए BJP नेता उसी में बेटी को मिलेगी मुफ्त शिक्षा

आगरा में हुए एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को तोड़ दिया, लेकिन इसी बीच एक बड़ा मानवीय फैसला सामने आया है। स्कूल बस से घायल हुए भाजपा नेता की इलाज के दौरान मौत हो गई। अब उनकी बेटी को उसी स्कूल में मुफ्त शिक्षा देने की घोषणा की गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 May 2026, 12:09 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने एक तरफ परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, तो दूसरी तरफ इंसानियत की एक मिसाल भी पेश की है। 5 मई को स्कूल बस की टक्कर में गंभीर रूप से घायल भाजपा युवा मोर्चा नेता अंकित अग्रवाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत के बाद जहां परिवार टूट गया, वहीं स्कूल प्रबंधन ने उनकी बेटी को मुफ्त शिक्षा देने का ऐलान किया है।

मंदिर से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा

अंकित अग्रवाल रोज की तरह सुबह मंदिर दर्शन के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाना ताजगंज क्षेत्र में पुरानी मंडी के पास प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच लड़ते रहे

हादसे के बाद अंकित को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी रही। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार दोपहर उन्होंने दम तोड़ दिया।

Chandauli: चलती ट्रेन में खौफनाक मंजर, यात्री की गोली मारकर हत्या; शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अंकित अग्रवाल अपने परिवार के अकेले सहारा थे। उनके पीछे पत्नी शिखा अग्रवाल, वृद्ध मां और 4 साल की मासूम बेटी रह गई है। उनकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और हर कोई गहरे सदमे में है। छोटे बच्चे के सिर से पिता का साया उठना सबसे बड़ा दर्द बन गया है।

स्कूल प्रबंधन पर केस

मृतक की पत्नी शिखा अग्रवाल की तहरीर पर स्कूल संचालक सुशील गुप्ता, प्रिंसिपल अरविंद श्रीवास्तव और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों को खंगाला जा रहा है। अंकित के निधन के बाद पुलिस ने रात में ही पोस्टमार्टम कराया। एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी ने परिवार से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।

इसे कहते है असली मर्द और उसका प्यार: प्रेमिका का हुआ गैंगरेप, फिर भी नहीं छोड़ा साथ

बेटी को मिलेगी मुफ्त शिक्षा

इस दुखद घटना के बीच प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के संचालक सुशील गुप्ता ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अंकित अग्रवाल की बेटी को स्कूल में पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी। साथ ही परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  11 May 2026, 12:09 PM IST