Agra: हवाई यात्रियों के लिए गुड न्यूज, आगरा से बंगलूरू और नवीं मुंबई के लिए बढ़ेंगी उड़ानें

आगरा एयरपोर्ट से अक्टूबर में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने वाली है। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से बंगलूरू की फ्लाइट सातों दिन और नवीं मुंबई की उड़ान तीन दिन संचालित होने की संभावना है। वहीं 25 अक्तूबर से विंटर शेड्यूल लागू होगा। एक साल में यात्रियों की संख्या भी 89,417 बढ़ी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 25 September 2026, 10:28 AM IST

Agra: आगरा से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए अक्टूबर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से बंगलूरू की फ्लाइट सातों दिन संचालित होने की संभावना है। वहीं नवीं मुंबई के लिए भी उड़ान के दिनों में बढ़ोतरी की तैयारी है। इससे आगरा की एयर कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।

बंगलूरू की फ्लाइट अब सातों दिन

वर्तमान में आगरा से बंगलूरू के लिए फ्लाइट सप्ताह में पांच दिन संचालित हो रही है। मंगलवार और बृहस्पतिवार को इसका संचालन नहीं होता। अब अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से बंगलूरू की फ्लाइट सातों दिन संचालित किए जाने की तैयारी है। इससे यात्रियों को सप्ताह के हर दिन बंगलूरू जाने की सुविधा मिल सकेगी।

नवीं मुंबई की उड़ान में भी बदलाव

नवीं मुंबई के लिए वर्तमान में फ्लाइट मंगलवार और रविवार को संचालित हो रही है। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से इसके संचालन के दिनों में भी बदलाव किया जा सकता है। प्रस्तावित बदलाव के बाद नवीं मुंबई की फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन संचालित होने की संभावना है। इससे मुंबई क्षेत्र से आगरा की कनेक्टिविटी को और बढ़ावा मिल सकता है।

25 अक्टूबर से शुरू होगा विंटर शेड्यूल

आगरा सिविल एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल अथॉरिटी के निदेशक विवेक शर्मा के अनुसार 25 अक्तूबर से विंटर शेड्यूल शुरू होना है। इससे पहले ही बंगलूरू और नवीं मुंबई की उड़ानों के संचालन में बदलाव हो सकता है। नए शेड्यूल के जारी होने के बाद उड़ानों के दिन और समय की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

एक साल में 89 हजार से ज्यादा बढ़े यात्री

आगरा एयरपोर्ट से हवाई यात्रियों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 987 निर्धारित आगमन और 987 निर्धारित प्रस्थान वाली उड़ानों का संचालन हुआ। इन उड़ानों से कुल 2,54,650 यात्रियों ने सफर किया। इनमें 1,28,423 यात्री आगरा पहुंचे, जबकि 1,26,227 यात्री आगरा से रवाना हुए।

दौरा अचानक टला, सवाल बढ़े! ज्ञानेश कुमार का मेरठ-वाराणसी कार्यक्रम स्थगित, जानिए क्या है पूरा मामला

655 से बढ़कर 987 हुई निर्धारित उड़ानें

वित्तीय वर्ष 2024-25 में 655 निर्धारित आगमन और 655 निर्धारित प्रस्थान वाली उड़ानों से कुल 1,65,233 यात्रियों ने सफर किया था। इनमें 82,257 यात्री आगरा पहुंचे और 82,976 यात्री आगरा से रवाना हुए। एक साल में यात्रियों की संख्या 89,417 बढ़ी। इसी अवधि में निर्धारित उड़ानों की संख्या भी 655 से बढ़कर 987 हो गई।

कारोबार और पर्यटन को मिल सकती है रफ्तार

बंगलूरू और नवीं मुंबई जैसे बड़े व्यावसायिक केंद्रों से सीधी कनेक्टिविटी बढ़ने से आगरा के कारोबारियों को फायदा मिल सकता है। इसके साथ ही पर्यटन, होटल, ट्रैवल और स्थानीय कारोबार से जुड़े क्षेत्रों को भी बेहतर हवाई संपर्क का लाभ मिलने की उम्मीद है। नए शेड्यूल के बाद आगरा से हवाई यात्रा के विकल्प और बढ़ जाएंगे।

Location :  Agra

Published :  25 September 2026, 10:28 AM IST