मेरठ कचहरी में अधिवक्ता का बवाल, पैरोकारों की पिटाई; पुलिस ने संभाला मोर्चा

मेरठ कचहरी परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक अधिवक्ता के चैंबर में करीब एक घंटे तक जमकर बवाल और मारपीट हुई। दुष्कर्म के प्रयास के एक मामले में जमानत के लिए दी गई रकम वापस मांगने पहुंचे पैरोकारों पर कथित रूप से हमला कर दिया गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 23 May 2026, 12:56 PM IST

Meerut: मेरठ कचहरी परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक अधिवक्ता के चैंबर में करीब एक घंटे तक जमकर बवाल और मारपीट हुई। दुष्कर्म के प्रयास के एक मामले में जमानत के लिए दी गई रकम वापस मांगने पहुंचे पैरोकारों पर कथित रूप से हमला कर दिया गया, जिससे पूरा परिसर अफरा-तफरी में आ गया।

कैसे शुरू हुआ विवाद

मामला मवाना थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां 17 अप्रैल को एक दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा था। इस मामले में आरोपी फखरूद्दीन उर्फ फकरू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

आरोपी की जमानत के लिए उसके परिजनों ने अधिवक्ता आमिर खान से संपर्क किया था। आरोप है कि जमानत दिलाने के लिए 45 हजार रुपये की डील हुई थी, जो अधिवक्ता को दे दिए गए थे। हालांकि 13 मई को कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमानत खारिज कर दी थी।

बाद में दूसरे अधिवक्ता के जरिए आरोपी को 20 मई को जमानत मिल गई और वह जेल से रिहा हो गया। इसके बाद पैरोकारों ने दी गई रकम वापस मांगनी शुरू कर दी।

कचहरी में आमना-सामना और बवाल

अधिवक्ता आमिर खान का आरोप है कि शुक्रवार को वह कचहरी जा रहे थे, तभी पैरोकार रियाज, साजिद खान, शेरखान समेत एक अन्य व्यक्ति ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि तमंचा दिखाकर पैसे लौटाने का दबाव बनाया गया।

इसके बाद सभी लोग कचहरी स्थित चैंबर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि चैंबर के अंदर तीन लोगों की जमकर पिटाई की गई, जबकि एक व्यक्ति मौके से भाग निकला।

पुलिस की कार्रवाई और हालात काबू में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से तीनों युवकों को छुड़ाकर अधिवक्ता के चैंबर में बंद कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया।

बाद में तीनों घायलों को पुलिस ने सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया कि मारपीट के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

दोनों पक्षों की तहरीर, जांच शुरू

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  23 May 2026, 12:52 PM IST