
सीतापुर में कांग्रेस कार्यालय पर जड़ा ताला (Image: Social Media)
Sitapur News: सीतापुर में कांग्रेस के पुराने कार्यालय को लेकर शनिवार को प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया। शहर के मुख्य बाजार स्थित घंटाघर की ऐतिहासिक सरकारी इमारत में करीब 55 साल से संचालित शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में खाली करा दिया। कार्रवाई के बाद नगर पालिका ने भवन पर अपना ताला लगा दिया और कब्जा अपने हाथ में ले लिया।
नगर पालिका प्रशासन के अफसरों का कहना है कि इस भवन का लंबे समय से किराया जमा नहीं किया जा रहा था। करीब पांच दशक से अधिक समय तक कांग्रेस कार्यालय संचालित होने के बावजूद किराया नहीं दिए जाने को नगर पालिका ने नियमों के खिलाफ माना। प्रशासन ने करीब 15 दिन पहले कार्यालय खाली करने का नोटिस जारी किया था। नोटिस की समय सीमा पूरी होने के बाद शनिवार सुबह प्रशासनिक टीम कार्रवाई के लिए पहुंची।
शनिवार सुबह एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन कुमार, तहसीलदार अजीत जायसवाल और नगर पालिका के अधिकारी पुलिस बल के साथ घंटाघर स्थित भवन पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले कार्यालय के बाहर लगे शहर कांग्रेस कमेटी के बोर्ड को हटवाया। इसके बाद भवन को खाली कराया गया और नगर पालिका की ओर से उस पर ताला लगा दिया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी तरह की स्थिति न बिगड़े।
कार्यालय खाली कराने के प्रशासनिक आदेश के खिलाफ कांग्रेस पदाधिकारियों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने कांग्रेस की अपील खारिज कर दी थी। इसके बाद तय समय सीमा पूरी होने पर प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भवन को खाली करा लिया।
एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन कुमार ने बताया कि नगर पालिका की ओर से जारी नोटिस की समय सीमा समाप्त हो चुकी थी। न्यायालय से भी संबंधित पक्ष को कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर भवन को खाली कराया गया और नगर पालिका ने अपना कब्जा ले लिया। घंटाघर स्थित इस भवन से दशकों पुराने कांग्रेस कार्यालय को हटाए जाने की कार्रवाई शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Location : Sitapur
Published : 22 August 2026, 9:08 PM IST