करोड़ों के फ्लैट्स पर लगा ‘ग्रहण’, आखिर क्यों आगरा में सरकारी घर लेने से कतरा रहे खरीदार?

आगरा में ADA हाइट्स परियोजना के 170 फ्लैट्स चार साल से खरीदारों का इंतजार कर रहे हैं। 'पहले आओ-पहले पाओ' और बल्क सेल की योजनाएं पूरी तरह फेल हो चुकी हैं। करोड़ों की यह हाउसिंग स्कीम अब सूनी पड़ी है, जिसके कारण प्राधिकरण ने नए टावर का निर्माण कार्य भी रोक दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 June 2026, 12:59 PM IST

Agra: आगरा के ताजनगरी द्वितीय चरण स्थित एडीए हाइट्स आवासीय परियोजना एक बड़े संकट से गुजर रही है। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की इस महत्वाकांक्षी योजना में कुल 582 फ्लैट बनाए गए थे, लेकिन इनमें से 170 फ्लैट पिछले चार वर्षों से खाली पड़े हैं। लगातार प्रयासों के बावजूद इन फ्लैटों को खरीदार नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे पूरी परियोजना प्रभावित हो रही है।

पहले आओ-पहले पाओ स्कीम पूरी तरह विफल

एडीए द्वारा फ्लैटों की बिक्री के लिए शुरू की गई ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना पूरी तरह असफल साबित हुई है। परियोजना को आकर्षक बनाने के तमाम प्रयासों के बाद भी बिक्री में कोई सुधार नहीं हुआ। यही कारण है कि इन फ्लैटों को चार साल पहले ही ‘अलोकप्रिय संपत्ति’ घोषित कर दिया गया था।

Agra News: थार की टक्कर से युवक की मौत, फिर सड़क पर ऐसा बवाल कि पुलिस भी रह गई बेबस

परियोजना का विवरण

एडीए हाइट्स परियोजना का निर्माण वर्ष 2010-11 में किया गया था। इसमें 9 टावरों में 1 बीएचके, 2 बीएचके, 3 बीएचके और 4 बीएचके फ्लैटों का निर्माण किया गया था। कुल 582 फ्लैटों में से 170 फ्लैट अब तक खाली हैं। खाली फ्लैटों की स्थिति अलग-अलग टावरों में इस प्रकार है कि कुछ टावरों में संख्या कम है, जबकि डीटी-01 जैसे टावर में सबसे अधिक 55 फ्लैट खाली पड़े हैं।

बल्क सेल के प्रयास भी नाकाम

फ्लैटों की बिक्री न होने पर एडीए ने बल्क सेल (एकमुश्त बिक्री) का विकल्प अपनाया। इसके लिए दो बार टेंडर जारी किए गए, लेकिन किसी भी खरीदार ने रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद अब तीसरी बार टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस बार कोई समाधान निकल सकता है।

एडीए हाइट्स के टावरों में फ्लैटों की स्थिति

ब्लॉक का नाम कुल फ्लैटों की संख्या रिक्त (खाली) फ्लैटों की संख्या
एटी-01 54 15
एटी-02 54 14
बीटी-01 50 12
बीटी-02 50 13
बीटी-03 50 24
बीटी-04 50 10
सीटी-01 100 20
सीटी-02 100 07
डीटी-01 74 55
कुल 582 170

नए टावर का निर्माण भी रोका गया

परियोजना परिसर में उपलब्ध भूमि पर नया टावर (ईटी 0-1) बनाने की योजना थी, जिसमें 2 और 3 बीएचके के 75 फ्लैट बनाए जा रहे थे। इनमें लिफ्ट और फायर फाइटिंग जैसे फिनिशिंग कार्य बाकी हैं, लेकिन पुराने फ्लैटों की बिक्री न होने के कारण इस नए टावर का निर्माण कार्य भी फिलहाल रोक दिया गया है।

Agra News: स्टील कारोबार में बड़ा खेल! बिना ई-वे बिल लाखों का माल पकड़ा गया, राज्यकर विभाग की छापेमारी से हड़कंप

एडीए अधिकारियों का बयान

एडीए की उपाध्यक्ष एम अरूनमोली के अनुसार, पहले दो बार टेंडर जारी करने के बाद भी कोई खरीदार सामने नहीं आया है। अब तीसरी बार बल्क सेल के लिए टेंडर निकाला गया है। इन फ्लैटों को पहले ही अलोकप्रिय संपत्ति घोषित किया जा चुका है।

Location :  Agra

Published :  18 June 2026, 12:59 PM IST