
किसानों ने सर्वे करने पहुंचे कुछ लोगों से अभद्र व्यवहार किया
महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में फसल बर्बादी के सर्वे के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला अब राजनीतिक विवाद में बदल गया है। आरोप है कि किसानों ने सर्वे करने पहुंचे कुछ लोगों को पकड़कर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें महिलाओं के कपड़े पहनाकर गांव में घुमाया। इसी बीच बीजेपी विधायक बृज भूषण राजपूत का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
मामला महोबा के एक गांव का बताया जा रहा है, जहां फसल नुकसान के सर्वे के लिए पहुंचे कुछ लोगों पर किसानों से पैसे मांगने और अवैध वसूली करने का आरोप लगा।
किसानों ने कथित सर्वे एजेंटों को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें महिलाओं के कपड़े पहनाए, गले में जूतों की माला डाली और गांव में घुमाया। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मामले के बीच बीजेपी विधायक बृज भूषण राजपूत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक ग्रामीणों से वीडियो कॉल पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
दावा किया जा रहा है कि वीडियो में विधायक ग्रामीणों से कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि पैसे लेने वालों को ब्लाउज-पेटीकोट पहनाओ, चूड़ियां पहनाओ, लिपस्टिक लगाओ और गले में जूतों की माला डालकर गांव में घुमाओ।
वीडियो में विधायक के कथित तौर पर आरोपियों को नहीं पीटने और उन्हें पुलिस के हवाले करने की बात कहने का भी दावा किया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद विधायक की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि ग्रामीणों ने यह कार्रवाई विधायक के निर्देश के बाद की।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। इसमें कथित सर्वे एजेंटों पर लगे अवैध वसूली के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
जांच के बाद ही यह साफ होगा कि किसानों से सर्वे के नाम पर वास्तव में पैसे मांगे गए थे या नहीं और वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की सच्चाई क्या है।
Location : Mahoba
Published : 12 September 2026, 3:30 PM IST
Topics : BJP MLA Brij Bhushan Rajput Bundelkhand News Crop Loss Survey Scam Mahoba News UP Farmers Protest