
बिच्छू गैंग की महिलाएं गिरफ्तार
Gorakhpur: गोरखपुर में पुलिस ने एक बेहद शातिर चेन स्नैचिंग गैंग का खुलासा किया है, जिसने लोगों को डराने के लिए नकली सांप, बिच्छू और छिपकली तक का इस्तेमाल किया। इस गिरोह में 36 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल थे, जो बस और ऑटो में सवारी बनकर अकेली महिलाओं को निशाना बनाते थे। जैसे ही पीड़ित घबरा जाती, गैंग की महिलाएं पलक झपकते ही उनकी चेन पार कर देती थी। कभी-कभी तो सेफ्टी पिन या नुकीली चीज़ का इस्तेमाल कर ध्यान भटकाकर चोरी की जाती थी।
गिरफ्तारी और खुलासा
पुलिस को लगातार चेन स्नैचिंग की शिकायतें मिल रही थी। 1 जनवरी को गोला थाना क्षेत्र में गैंग के सरगना विष्णु को गिरफ्तार किया गया। सख्ती से पूछताछ में विष्णु ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर 36 महिलाओं और 4 पुरुषों को पकड़ लिया। गैंग में शामिल महिलाएं जौनपुर, बलिया, सिद्धार्थनगर समेत यूपी के 11 जिलों की थी। ज्यादातर महिलाएं साड़ी पहनती थी और उम्र 20 से 50 साल के बीच थी। सामान्य हुलिया होने की वजह से कोई भी उन पर शक नहीं करता था।
तीन शातिर तरीके
गैंग की महिलाओं ने चेन लूटने के लिए तीन अलग-अलग तरीके अपनाए। पहला, नकली सांप, बिच्छू या छिपकली फेंककर डर पैदा करना और मौके पर ही चेन उड़ा लेना। दूसरा, बुजुर्ग महिलाओं को झांसा देकर गाड़ी में बैठाना और फिर डर दिखाकर गहने छीन लेना। तीसरा, सेफ्टी पिन या नुकीली चीज़ से ध्यान भटकाकर चेन निकालना।
पुलिस की कार्रवाई
रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ और कैंट थाना के संजय सिंह की सक्रियता से यह गैंग पकड़ा गया। आरोपियों के पास से पुलिस ने नकली सांप-छिपकली, सेफ्टी पिन, छोटे चाकू, कैंची, प्लास्टिक की रस्सी और एक कार बरामद की। पुलिस अब सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है।
गैंग के पीछे की रणनीति
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर सक्रिय था। वाहन में घुसकर चारों तरफ से पीड़ित को घेरना और डराने के बाद चेन उड़ा लेना उनके शातिराने तरीके का हिस्सा था। पुलिस अफसर भी इस चालाक तरीके से हैरान रह गए हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 3 January 2026, 4:51 PM IST