कौशांबी पटाखा फैक्ट्री धमाके में अब तक 12 मौतें! 22 लोग लड़ रहे अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग

कौशांबी के मनौरी में एयरफोर्स स्टेशन के पास पटाखा फैक्ट्री में सोमवार भीषण आग के बाद लगातार धमाके हुए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। शाम पांच बजे तक 11 शव मिलने की पुष्टि हुई है, जबकि 22 घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 31 August 2026, 6:56 PM IST

Kaushambi News: सोमवार की दोपहर मनौरी बाजार अचानक धमाकों से दहल उठा। एयरफोर्स स्टेशन के बेहद करीब एक मकान में चल रही पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगी और इसके बाद ऐसा सिलसिला शुरू हुआ कि करीब एक घंटे तक लगातार धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अभी तक इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 22 लोगों की हालत नाजुक है। हालांकि जिला प्रशासन ने 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

डीएम अमित पाल शर्मा ने क्या बताया?

हालांकि जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा का यह कहना है कि अब तक 11 लोगों की मौत हुई है और 5 घायल लोगों का एसआरएन अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। बताया जा रहा है कि घायल लोगों ें कुछ की हालत बेहद नाजुक है। इसके अलावा मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

अचानक उठा धुआं और फिर होने लगे धमाके

पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी में बस्ती से कुछ दूरी पर एक मकान में पटाखे बनाने का काम होता था। सोमवार दोपहर अचानक इस मकान से धुआं उठने लगा। आसपास के ग्रामीणों ने जैसे ही धुआं देखा, वे मौके की तरफ दौड़े। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ मिनटों में यहां इतनी बड़ी तबाही होने वाली है। मकान के अंदर रखे पटाखों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों तक इसकी गूंज सुनाई दी। कुछ ही देर में पूरा इलाका धुएं से भर गया। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर क्या हुआ है। धमाकों के कारण कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचा और कुछ मकान पूरी तरह धराशायी हो गए।

कई घरों के मलबे में दबे होने की आशंका

विस्फोट के कारण फैक्ट्री के आसपास बने कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। कुछ मकान पूरी तरह गिर गए। मलबा चारों तरफ बिखर गया और उसके नीचे लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। लगातार पटाखों के फटने के कारण शुरुआती दौर में राहत-बचाव टीम के लिए घटनास्थल के अंदर तक पहुंचना भी मुश्किल रहा। आग और धमाकों के बीच फायरकर्मी बेहद सावधानी से काम कर रहे थे। आग पर काबू पाने के बाद बुलडोजर की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कराया गया। रेस्क्यू टीम मलबे के नीचे जिंदगी तलाश रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।  मृतकों में कई बच्चे भी शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार मृतकों में प्रियांजलि, उम्र पांच वर्ष, प्रवीन सिंह उम्र 13 वर्ष, जाह्नवी उम्र 12 वर्ष, आदित्य उम्र 12 वर्ष, रवि उम्र आठ वर्ष, ग्यान सिंह उम्र 40 वर्ष, एक अन्य आदित्य उम्र आठ वर्ष, अंजू पत्नी विक्रम सरोज उम्र 32 वर्ष, विक्रम सरोज उम्र 35 वर्ष, अंश उम्र छह वर्ष और नन्हा उम्र चार वर्ष शामिल हैं।

Location :  Kaushambi

Published :  31 August 2026, 6:53 PM IST