10 साल के मासूम का क्या था कसूर? मां की गोद में तोड़ा दम, कौन है देव की मौत का असली जिम्मेदार?

मैनपुरी में 10 वर्षीय देव कश्यप की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने महेश फिलिंग स्टेशन के मालिक पर मकान खाली कराने के दबाव में दीवार पर जानबूझकर करंट प्रवाहित तार छोड़ने का आरोप लगाया है। परिवार ने पेट्रोल पंप के चौकीदार पर भी बच्चे को नहीं बचाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 November 2026, 1:58 PM IST

Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक 10 साल के मासूम की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा घर के पास एक दीवार के संपर्क में आया, जहां खुले तार में बिजली का करंट आ रहा था। करंट लगते ही वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। मां उसे लेकर अस्पताल की तरफ दौड़ी, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गई। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने पास के महेश फिलिंग स्टेशन के मालिक पर मकान खाली कराने के दबाव में जानबूझकर दीवार पर करंट प्रवाहित तार छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मकान खाली कराने को लेकर चल रहा था विवाद

पूरा मामला मैनपुरी शहर कोतवाली क्षेत्र में आगरा रोड बाईपास स्थित दीप गंगा गार्डन के पास का है। जानकारी के मुताबिक, किशन पाल का परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से यहां रह रहा है। परिजनों का आरोप है कि पास में स्थित महेश फिलिंग स्टेशन के संचालक की ओर से उन्हें पिछले कुछ समय से परेशान किया जा रहा था। परिवार का दावा है कि हाल ही में उन्हें 15 दिनों के भीतर मकान खाली करने का अल्टीमेटम भी दिया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी विवाद और दबाव के चलते पेट्रोल पंप संचालक ने पास की दीवार पर बिजली का करंट प्रवाहित करने के लिए खुला तार छोड़ दिया था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

घटना के बाद जांच करने पहुंची पुलिस (IMG: Dynamite News)

सुबह 6 बजे दीवार के पास पहुंचा था देव

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे किशन पाल का 10 वर्षीय बेटा देव कश्यप खेलते या टहलते हुए मकान के पास स्थित दीवार के करीब पहुंच गया। इसी दौरान वह कथित तौर पर खुले तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया। बिजली का तेज झटका लगने से देव अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार ने पेट्रोल पंप पर तैनात चौकीदार पर भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चौकीदार ने बच्चे को करंट की चपेट में आते देखा, लेकिन उसे बचाने या बिजली बंद कराने की कोशिश नहीं की।

मां अस्पताल लेकर दौड़ी, रास्ते में तोड़ा दम

कुछ देर बाद जब देव की मां मौके पर पहुंचीं तो बेटे को बेसुध देखकर घबरा गईं। वह आनन-फानन में मासूम को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुईं, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में देव की मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों और परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Location :  Mainpuri

Published :  13 November 2026, 1:58 PM IST