हिंदी
चलती बाइक में लगी आग (Img: Dynamite News)
Hathras: आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सासनी क्षेत्र के गांव बरसै के निकट बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद चलती बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक से आग की लपटें उठती देख चालक ने तत्काल बाइक रोककर नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा दी गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार सासनी क्षेत्र निवासी दीपू अपनी बाइक से आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर जा रहा था। गांव बरसै के निकट स्थित एक पेट्रोल पंप पर उसने बाइक में पेट्रोल भरवाया। बताया जा रहा है कि पेट्रोल भरवाने के दौरान कुछ पेट्रोल बाइक के ऊपर गिर गया था। इसके बाद दीपू बाइक लेकर पंप से कुछ ही दूरी आगे बढ़ा था कि अचानक बाइक में आग लग गई।
चलती बाइक से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर दीपू के होश उड़ गए। उसने बिना देर किए बाइक को सड़क किनारे रोका और तत्काल नीचे उतर गया। देखते ही देखते बाइक में आग फैलने लगी, जिससे हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद राहगीर और हाईवे से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि बाइक सवार कुछ सेकंड भी देर करता तो हादसा गंभीर हो सकता था। आग की चपेट में आने से बाइक को नुकसान पहुंचा है, हालांकि बाइक सवार पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना ने पेट्रोल भरवाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया है। पेट्रोल जैसी ज्वलनशील वस्तु के बाइक के गर्म इंजन या अन्य हिस्सों पर गिरने से आग लगने की आशंका बढ़ सकती है। समय रहते बाइक रोकने और राहगीरों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
Location : Hathras
Published : 3 September 2026, 3:38 PM IST