
गोलीकांड में मरने वाले लोग (Image: Dynamite News)
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थसारथी महंता के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9 बजे होटल बिलास इन में गोलीबारी हुई। इस दौरान छह लोगों को गोली लगी। इनमें से पांच ने दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
गोलीबारी में जान गंवाने वालों की पहचान हेलेना भराली, भूदेव भराली, देबोर्श्री भराली, रिनिका भराली और नारायण दास के रूप में हुई है। इनमें हेलेना भराली और भूदेव भराली भाई-बहन थे। देबोर्श्री भराली, भूदेव के बेटे थे, जबकि रिनिका भराली उनकी बहू थीं। इस तरह मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। पुलिस के अनुसार, पांचवें मृतक नारायण दास भराली परिवार के साथ काम करते थे और उसी गांव के रहने वाले थे। गोलीबारी में घायल व्यक्ति भी इसी गांव का निवासी बताया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शुरुआती जांच में होटल की लीज और संपत्ति से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, होटल के मालिक पक्ष और उसे लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद था। गिरफ्तार आरोपी घनकांत गोगोई ने होटल लीज पर लिया हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते गोलीबारी हुई, हालांकि वारदात की असल वजह की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है।
गुवाहाटी में हुई इस घटना पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटना को सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया। गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से कानून-व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देने और घटना की विस्तृत जांच कराने की मांग की। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की भी बात कही। फिलहाल पुलिस होटल की लीज से जुड़े विवाद, गोलीबारी के कारणों और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
Location : Guwahati News
Published : 27 October 2026, 8:32 AM IST