Samsung ने अपनी नई Galaxy S26 सीरीज लॉन्च कर दी है। Galaxy S26 Ultra इन-बिल्ट Privacy Display, 200MP कैमरा और 60W फास्ट चार्जिंग जैसे प्रीमियम फीचर्स के साथ 1.39 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है।

Galaxy S26 Ultra
New Delhi: टेक दुनिया में एक बार फिर हलचल मच गई है। सैमसंग ने अपनी नई Samsung Galaxy S26 series को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह उसकी तीसरी पीढ़ी की AI-स्मार्टफोन्स सीरीज है, जो पहले से ज्यादा स्मार्ट, तेज और सुरक्षित है। इस लाइनअप में Galaxy S26, Galaxy S26+ और सबसे प्रीमियम मॉडल Samsung Galaxy S26 Ultra शामिल हैं। हर बार की तरह इस बार भी Ultra मॉडल ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं।
सबसे बड़ी खासियत यह है कि Galaxy S26 Ultra दुनिया का पहला इन-बिल्ट Privacy Display वाला स्मार्टफोन बन गया है। सिर्फ 7.9mm पतला यह फोन प्रीमियम डिजाइन के साथ आता है। इसमें 6.9 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 3,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट दिया गया है, जो 16GB तक रैम और 1TB तक स्टोरेज के साथ आता है।
कैमरा में बड़ा अपग्रेड
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह डिवाइस किसी ट्रीट से कम नहीं है। फोन में क्वाड कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें 200MP का प्राइमरी सेंसर, 50MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस, 5x ऑप्टिकल जूम वाला 50MP टेलीफोटो कैमरा और 10MP का अतिरिक्त कैमरा शामिल है। Android 16 पर बेस्ड One UI 8.5 के साथ आने वाला यह फोन लो-लाइट फोटोग्राफी में भी बेहतर रिजल्ट देता है।
नया AI ISP सेल्फी में नेचुरल स्किन टोन और ज्यादा डिटेल देता है। Nightography Video तकनीक डिम लाइट में भी क्लियर वीडियो रिकॉर्ड करती है। इतना ही नहीं, यह सैमसंग का पहला फोन है जो Advanced Professional Video (APV) स्टैंडर्ड को सपोर्ट करता है।
बैटरी और कीमत
Galaxy S26 Ultra में 5,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 60W वायर्ड और 20W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है। नई Super Fast Charging 3.0 तकनीक की मदद से यह फोन सिर्फ 30 मिनट में 75% तक चार्ज हो जाता है।
कीमत की बात करें तो 256GB वेरिएंट 1,39,999 रुपये से शुरू होता है। 512GB मॉडल 1,59,999 रुपये और 1TB वेरिएंट 1,89,999 रुपये में उपलब्ध है। प्री-ऑर्डर 25 फरवरी से शुरू हो चुके हैं। फोन Cobalt Violet, White, Black और Sky Blue रंगों में मिलेगा, जबकि Pink Gold और Silver Shadow एक्सक्लूसिव तौर पर Samsung की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।